तस्वीर में नालासोपारा स्कूल हादसे में घायल एक छात्र को कुछ लोग पकड़े हुए खड़े हैं।

नालासोपारा पश्चिम स्थित जिला परिषद स्कूल में 8 सितंबर को मिड-डे मील तैयार करते समय कुकर फटने से जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में खाना बना रही महिला समेत दो स्कूली बच्चे झुलसकर घायल हो गए। तीनों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पश्चिम स्थित जिला परिषद स्कूल में कक्षा 1 से 7 तक के छात्र पढ़ाई करते हैं। सरकारी योजना के तहत स्कूल में प्रतिदिन बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार कर उन्हें खिलाया जाता है। 8 सितंबर को भी दोपहर के समय बच्चों के लिए खिचड़ी बनाई जा रही थी। इसके लिए खाद्य सामग्री से भरा कुकर गैस चूल्हे पर चढ़ाया गया था।


 


इसी दौरान छोटे से किचन में कुकर अचानक फट गया और जोरदार ब्लास्ट हुआ। हादसे के समय किचन में खाना बनाने वाली महिला के साथ दो स्कूली बच्चे भी मौजूद थे। कुकर फटने से दोनों बच्चे झुलसकर घायल हो गए, जबकि खाना बना रही महिला भी झुलस गई।

घटना के बाद दोनों घायल छात्रों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल छात्रों की पहचान आयुष चौधरी और प्रसाद गौतम के रूप में हुई है। आयुष चौधरी कक्षा 3 में पढ़ता है, जबकि प्रसाद गौतम कक्षा 5 का छात्र है। खाना बना रही महिला का भी अस्पताल में उपचार जारी है। तीनों की हालत ठीक बताई जा रही है।

कुकर फटने से हुई दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वसई विरार महानगर पालिका के महापौर अजीव पाटील अधिकारियों एवं नगरसेवकों के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को हर संभव मदद करने की बात कही।

स्कूल में बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार करते समय हुए इस हादसे में दो छात्रों और खाना बनाने वाली महिला के घायल होने के बाद उनका उपचार जारी है।

Tags: