गर्लफ्रेंड के साथ जूलरी शॉप से 1.50 लाख का मंगलसूत्र चोरी, पुणे से आरोपी गिरफ्तार
वसई पश्चिम की सम्राट ज्वैलर्स में आभूषण खरीदने के बहाने 1.50 लाख रुपये का मंगलसूत्र चोरी करने के मामले में आचोले पुलिस ने शेखर हेमराज वानी को पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है और उसकी गर्लफ्रेंड की तलाश जारी है।
मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत डिविजन-2 की आचोले पुलिस ने गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर जूलरी शॉप से 1.50 लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र चोरी करने के मामले में एक आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में प्रवेश किया था और मौका देखकर मंगलसूत्र चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया है, जबकि मामले में शामिल उसकी गर्लफ्रेंड शिवानी दिलीप सालुंखे की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वसई पश्चिम में बाभोला रोड पर डी-मार्ट के पास बंगला नंबर 08, आकाश विला निवासी आकाश सुरेन्द्र जैन (44) अपनी सम्राट ज्वैलर्स की दुकान में बैठे थे। इसी दौरान 30 से 35 वर्ष की उम्र के एक अज्ञात पुरुष और महिला ने आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में प्रवेश किया। दोनों सोने के आभूषण देखने का दिखावा करते रहे और इसी बीच मौका पाकर हाथ की सफाई से 1,50,000 रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया। इसके बाद दोनों बाद में लौटने की बात कहकर दुकान से बाहर निकल गए।
उनके जाने के बाद आकाश सुरेन्द्र जैन ने आभूषणों की जांच की तो मंगलसूत्र गायब मिला। इसके बाद उन्होंने आचोले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस इंस्पेक्टर सुजीत कुमार पवार के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी माध्यमों से आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की। जांच के दौरान कथित आरोपी की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुणे का रहने वाला है और पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसे जब पता चला कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है, तो वह अपना ठिकाना बदलने लगा।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुणे के मंजरी बुद्रुक इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां जाल बिछाया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस स्टेशन लाकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने चोरी करने से इनकार किया, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर हेमराज वानी (34), निवासी औंदुबार कुंजीर कॉलोनी, मुंधवा रोड, मंजरी बुद्रुक, पुणे के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया 1,50,000 रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आगे की पूछताछ में आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड शिवानी दिलीप सालुंखे (27), निवासी सदाभाऊ चौक, गांधी नगर, अकलूज, जिला सोलापुर के वारदात में शामिल होने की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस शिवानी दिलीप सालुंखे की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शेखर हेमराज वानी के खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड शिवानी दिलीप सालुंखे के खिलाफ भी 05 मामले दर्ज हैं। आचोले पुलिस इस मामले में फरार आरोपी की तलाश के साथ आगे की जांच कर रही है।