मुंबई के माहीम में बीएमसी द्वारा कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए एआई कैमरा लगाया गया है।

मुंबई में कचरा फेंकने वालों पर अब तकनीक के जरिए नजर रखी जा रही है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर को साफ-सुथरा और कचरा मुक्त बनाने के लिए माहीम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरे का प्रयोग शुरू किया है। इस तकनीक की खासियत यह है कि जैसे ही कोई व्यक्ति कचरा फेंकने की कोशिश करता है, कैमरा उसकी हरकत पहचानकर लाउडस्पीकर के जरिए सफाई का संदेश प्रसारित करता है।

बीएमसी के ‘जी उत्तर’ प्रशासनिक विभाग ने माहीम स्थित गजानन वाटिका परिसर में यह विशेष कैमरा लगाया है। शहर में कई ऐसे स्थान हैं, जहां लगातार कचरा फेंके जाने से गंदगी जमा होती रहती है। प्रशासन ने इन स्थानों को ‘जीवीपी’ यानी कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्पॉट के रूप में चिन्हित किया है। इन जगहों पर कचरा फैलने से रोकने के लिए अब AI तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस स्मार्ट कैमरे के साथ लाउडस्पीकर भी जोड़े गए हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति प्रतिबंधित या खुले क्षेत्र में कचरा फेंकने के लिए आगे बढ़ता है, कैमरा उसकी गतिविधि को तुरंत पहचान लेता है। इसके बाद लाउडस्पीकर के माध्यम से बिना किसी देरी के आवाज सुनाई देती है, जिसमें संबंधित व्यक्ति को कचरा नहीं डालने और परिसर को साफ रखने की चेतावनी दी जाती है।

कैमरे से मिलने वाली तत्काल चेतावनी के कारण कचरा फेंकने वाले लोग झेंप महसूस करते हैं और गंदगी फैलाने से बच रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप संबंधित स्थान पर दोबारा कचरा जमा होने की समस्या कम हो रही है। बीएमसी का यह प्रयोग नागरिकों की गंदगी फैलाने की आदतों में बदलाव लाने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

अतिरिक्त आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा के मार्गदर्शन तथा उप आयुक्त किरण दिघावकर और सहायक आयुक्त योगेश देसाई के नेतृत्व में यह प्रायोगिक कार्य चलाया जा रहा है। माहीम में इस प्रयोग की सफलता को देखते हुए बीएमसी आने वाले समय में मुंबई के अन्य हिस्सों में भी ऐसे AI कैमरे लगाने की योजना बना रही है।

बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों और चौराहों पर कचरा न फेंकें तथा मुंबई को स्वच्छ बनाने के अभियान में महानगरपालिका का सहयोग करें। AI कैमरे और लाउडस्पीकर के जरिए तत्काल चेतावनी देने की यह पहल शहर में कचरा फैलाने की समस्या पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की दिशा में एक नया प्रयास है।

Tags: