तस्वीर में केमिकल से नोट बनाने का नाटक करने वाले आरोपी पुलिस हिरासत में बैठे नजर आ रहे हैं।

मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन-1 के काशीगांव पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो असली 500 रुपये के नोट को केमिकल में डालकर उसकी जगह कोरे कागज से 500 रुपये का नोट तैयार करने का नाटक करता था। गिरोह लोगों को चंद मिनटों में लाखों रुपये कमाने और रकम को तीन गुना करने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह असली 500 रुपये की नोट को एक केमिकल में डालने के बाद उसकी जगह कोरे कागज को उसी केमिकल से 500 रुपये के नोट में बदलने का दिखावा करता था। इस तरीके से लोगों को विश्वास दिलाया जाता था कि वे कम समय में बड़ी रकम प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद तीन गुना अधिक रुपये देने का लालच देकर उनसे लाखों रुपये ठग लिए जाते थे।

लोगों को गुमराह कर लाखों रुपये हासिल करने का झांसा देने वाले इस गिरोह की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। मामले की जानकारी सामने आने पर काशीगांव पुलिस स्टेशन के पीआई राहुल कुमार पाटील के मार्गदर्शन में एपीआई सुहास कांबले, अनिल शिंदे, पवित्रा वाघ, प्रताप पंचुडे, किरण वीरकर, नामदेव देवकट्टे, प्रवीण तोबारे, दीपक कुलकर्णी, अर्जुन बोरसे, अभिषेक मडावी आदि की टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने गोल्डन रिट्रीट होटल, काजूपाड़ा स्थित स्थान पर जाल बिछाकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अमोल वसंत बंडगर उम्र 43 वर्ष, निशा सुनील मोरे उम्र 41 वर्ष, दोनों मिरज जिला सांगली के रहने वाले, तथा चैत्राली शंकर चक्रवर्ती उम्र 27 वर्ष, जिला रायगढ़ निवासी को धर दबोचा गया।

पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से 500 रुपये के कुल 151 भारतीय मुद्रा नोट और नकली नोट बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामग्री जब्त की। इस तरह काशीगांव पुलिस टीम ने असली 500 रुपये के भारतीय नोटों को केमिकल में डालकर और कोरे कागजों को 500 रुपये के नोटों में बदलने का नाटक कर लोगों को बड़ी रकम कमाने का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ काशीगांव पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता 2023 की धारा 318(4), 62, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों के पास से कुल 1,38,870 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से केमिकल के जरिए नकली नोट तैयार करने का दिखावा कर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह का मामला सामने आया है।

Tags: