तस्वीर में सायन रेलवे ओवरब्रिज पर लोग और वाहन चलते हुए दिखाई दे रहे हैं।   

मुंबई। मुंबई के बहुप्रतीक्षित सायन रेलवे ओवरब्रिज के आधिकारिक उद्घाटन से पहले ही यहां रील बनाने और वीडियो शूट करने की होड़ शुरू हो गई। कुछ सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और बाइक चालकों ने बिना अनुमति नए पुल पर प्रवेश कर वीडियो बनाए और उन्हें इंटरनेट पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सख्त कदम उठाते हुए पुल के सभी रास्तों पर मजबूत बैरिकेडिंग कर दी, जिससे वहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

प्रातःकाल संवाददाता के अनुसार, करीब 112 साल पुराना सायन रेलवे ओवरब्रिज जर्जर अवस्था में पहुंचने के कारण तोड़ दिया गया था। इसके बाद नए पुल का पुनर्निर्माण तेजी से किया जा रहा है। बीएमसी ने इस पुल का निर्माण कार्य इस साल 15 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह समयसीमा निर्धारित अवधि से चार महीने पहले की है।

नए रेलवे ओवरब्रिज के शुरू होने से सायन, धारावी, कुर्ला और बीकेसी के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले लाखों नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पुल का निर्माण पूरा होने और इसके आधिकारिक रूप से शुरू होने के बाद इन क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होने की संभावना है।

हालांकि, पुल के औपचारिक उद्घाटन से पहले ही सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए बिना अनुमति प्रवेश करने की घटनाओं ने सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। निर्माणाधीन पुल पर नियमों की अनदेखी कर पहुंचना खतरनाक साबित हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बीएमसी ने पुल के सभी प्रवेश मार्गों को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है।

प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और बिना अनुमति पुल पर जाने की कोशिश नहीं करने की अपील की है। अब सायन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ ही उसके आधिकारिक उद्घाटन तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है।

Tags: