सांताक्रुज में गटर सफाई के दौरान हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
सांताक्रुज ईस्ट की भव्य निकेतन सोसायटी में गटर सफाई के दौरान दो निजी मजदूर गहरे पानी में गिर गए। दमकल ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन 50 वर्षीय काष्टे की मौत हो गई और अजय ठाकुर गंभीर है।
मुंबई के सांताक्रुज ईस्ट इलाके में सोमवार सुबह गटर की सफाई के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना वी एन देसाई अस्पताल के सामने स्थित 8वीं गोलीबार रोड पर बनी ‘भव्य निकेतन’ हाउसिंग सोसायटी परिसर में हुई।
इमारत की अंदरूनी सीवर लाइन की सफाई के लिए सोसायटी प्रशासन ने दो निजी मजदूरों को काम पर रखा था। दोनों बीएमसी के कर्मचारी नहीं थे। सफाई के दौरान मजदूरों ने बीएमसी को बिना किसी सूचना दिए मुख्य गटर का मैनहोल खोल दिया। मैनहोल खोलते ही दोनों मजदूर अचानक गटर के गहरे पानी में गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बीएमसी के दमकल विभाग, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने राहत कार्य शुरू कर गटर में फंसे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और नजदीकी वी एन देसाई अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 50 वर्षीय काष्टे नामक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे 30 वर्षीय मजदूर अजय ठाकुर की हालत गंभीर बनी हुई है। अजय ठाकुर का फिलहाल अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण और बीएमसी की अनुमति के सीवर लाइन का मैनहोल क्यों खोला गया था।
बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों और सभी हाउसिंग सोसायटियों से सख्त अपील की है कि वे सीवर और गटर की सफाई के लिए निजी तौर पर काम न कराएं और हमेशा अधिकृत सुरक्षा नियमों का पालन करें। सांताक्रुज की इस घटना में एक मजदूर की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने के बाद सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन का मुद्दा सामने आया है।