दादर मेट्रो स्टेशन का नाम 'चैत्यभूमि' होगा, रेलवे स्टेशन पर भ्रम दूर
| विज्ञप्ति की गलती से फैला भ्रम खत्म; राज्य विधानमंडल की प्रक्रिया के बाद प्रस्ताव केंद्र को जाएगा और दादर रेलवे स्टेशन का नाम वही रहेगा।
विज्ञप्ति की गलती से रेलवे स्टेशन पर भ्रम हुआ, नाम केवल दादर मेट्रो स्टेशन का बदला जाएगा।
मुंबई। मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर 'चैत्यभूमि' किए जाने की चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि नाम बदलने का प्रस्ताव दादर रेलवे स्टेशन के लिए नहीं, बल्कि दादर मेट्रो स्टेशन के लिए है। सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय की पूर्व में जारी एक सरकारी विज्ञप्ति में गलती से 'दादर रेलवे स्टेशन' का उल्लेख किए जाने के कारण सोशल मीडिया से लेकर आम नागरिकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
बुधवार, 18 नवंबर को भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के आगामी 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले महापरिनिर्वाण दिवस की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में चैत्यभूमि परिसर में की जाने वाली व्यवस्थाओं और इंदू मिल स्मारक के निर्माण कार्यों की समीक्षा के साथ दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'चैत्यभूमि' करने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र में मेट्रो स्टेशनों के नामकरण और नाम परिवर्तन से संबंधित प्रस्तावों पर विचार के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सह-अध्यक्षता में एक स्वतंत्र समिति गठित की गई है।
केंद्र सरकार से प्राप्त दिशानिर्देशों के अनुरूप आगामी राज्य विधानमंडल अधिवेशन में इस संबंध में आवश्यक विधायी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद दादर मेट्रो स्टेशन का नाम 'चैत्यभूमि' करने का औपचारिक प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
सरकारी विज्ञप्ति में हुई त्रुटि के कारण दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदले जाने को लेकर पैदा हुआ असमंजस अब दूर हो गया है। सरकार के स्पष्टीकरण से यह साफ हो गया है कि दादर रेलवे स्टेशन का मौजूदा नाम यथावत रहेगा और 'चैत्यभूमि' नामकरण की प्रक्रिया केवल दादर मेट्रो स्टेशन के लिए प्रस्तावित है।