मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सभागृह में बुधवार, 18 नवंबर को शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़े जाने के कथित मामले को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार हुई। नेता शायना एन. सी. पर बालासाहेब ठाकरे के छायाचित्र का अपमान करने का आरोप लगाते हुए विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर और शिवसेना (यूबीटी) के नगरसेवकों ने सत्तापक्ष को घेरा। विपक्ष ने घटना के विरोध में सदन की कार्यवाही स्थगित करने की मांग की, लेकिन महापौर रितू तावडे द्वारा स्थगन प्रस्ताव खारिज किए जाने के बाद शिवसेना (ठाकरे गुट), मनसे, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एआईएमआईएम के नगरसेवकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही ठाकरे गुट के नगरसेवकों ने बीएमसी मुख्यालय परिसर में शायना एन. सी. के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सभागृह में महापौर रितू तावडे ने स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े निवेदन पर चर्चा शुरू करने का निर्देश दिया। इसी दौरान किशोरी पेडणेकर ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर के कथित अपमान का मुद्दा उठाया।

पेडणेकर ने कहा कि बालासाहेब उनके दैवत हैं और उनकी तस्वीर फाड़कर किया गया अपमान अक्षम्य है। उन्होंने मांग की कि सदन में इस घटना की निंदा की जानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने शायना एन. सी. की राजनीतिक निष्ठा पर भी सवाल उठाए।

हालांकि, भाजपा नगरसेवक प्रवीण छेडा ने पेडणेकर की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि शायना एन. सी. सदन की सदस्य नहीं हैं, इसलिए उनका नाम नहीं लिया जाना चाहिए। महापौर रितू तावडे ने भी किशोरी पेडणेकर को शायना एन. सी. का नाम नहीं लेने और सदन के कामकाज में बाधा नहीं डालने की हिदायत दी।

महापौर ने स्पष्ट किया कि बालासाहेब ठाकरे के अपमान की घटना गंभीर है, लेकिन इसके आधार पर सदन की कार्यवाही स्थगित नहीं की जा सकती। इस फैसले पर पेडणेकर ने नाराजगी जताते हुए सत्तापक्ष पर बालासाहेब के प्रति दिखावटी प्रेम रखने का आरोप लगाया।

इसके जवाब में सभागृह नेता गणेश खणकर ने सांसद संजय राउत पर परोक्ष रूप से निशाना साधा। वहीं, शिवसेना गुट नेता अमेय घोले ने कांग्रेस द्वारा स्वातंत्र्यवीर सावरकर के अपमान का मुद्दा उठाते हुए ठाकरे गुट से इस पर जवाब मांगा। इस दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के नगरसेवकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

आखिरकार, स्थगन प्रस्ताव खारिज होने और सत्तापक्ष पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए शिवसेना (ठाकरे गुट), मनसे, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एआईएमआईएम के नगरसेवकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर के कथित अपमान का मुद्दा बीएमसी सदन में राजनीतिक टकराव का केंद्र बना रहा और इसके चलते सदन की कार्यवाही के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला।

Tags: