बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा विलेपार्ले में अतिक्रमण हटाने के दौरान जेसीबी से अवैध निर्माण तोड़ा गया। 

मुंबई में पैदल यात्रियों के रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका का ‘पादचारी प्रथम’ अभियान तेज हो गया है। इसी अभियान के तहत बुधवार, 18 नवंबर 2026 को विलेपार्ले (पूर्व) में महात्मा गांधी मार्ग पर बड़ी निष्कासन कार्रवाई करते हुए करीब 650 मीटर लंबे फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान फुटपाथ पर बाधा बन रहे 8 अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त किया गया और 6 लाइसेंसधारी स्टॉल्स को भी वहां से हटाया गया।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत ‘के दक्षिण’ विभाग के महात्मा गांधी मार्ग को अत्यधिक पैदल आवाजाही वाले पांच प्रमुख मार्गों की प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है। इसी के तहत सहायक अभियंता विभाग ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद यह कार्रवाई की और फुटपाथ को पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए बहाल किया।


विलेपार्ले पूर्व का महात्मा गांधी मार्ग पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क पर स्कूल, जैन मंदिर, बिजनेस पार्क, सिनेमाघर और बृहन्मुंबई महानगरपालिका का उद्यान सहित कई प्रमुख स्थल स्थित हैं। इन संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी।

पूरी निष्कासन कार्रवाई परिमंडल-3 के उपायुक्त विश्वास मोटे और ‘के दक्षिण’ विभाग की सहायक आयुक्त वनिता कोकाटे के मार्गदर्शन में संपन्न की गई। महानगरपालिका की ओर से पूरे मुंबई में इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, जिसे नागरिकों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है।

महात्मा गांधी मार्ग के 650 मीटर लंबे फुटपाथ से अनधिकृत निर्माणों और स्टॉल्स को हटाए जाने के बाद अब पैदल यात्रियों को आवागमन के लिए सुगम रास्ता उपलब्ध होगा। इस कार्रवाई से व्यस्त विलेपार्ले पूर्व क्षेत्र में पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

Tags: