मुंबई में नवजात शिशुओं के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अभिभावकों को अब महानगरपालिका के वार्ड कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने नागरिकों को राहत देते हुए अपने प्रमुख और उपनगरीय अस्पतालों में ही जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अस्पताल में शिशु के जन्म का पंजीकरण होने के महज तीन दिनों के भीतर अभिभावकों को जन्म प्रमाण पत्र सौंप दिया जाएगा।

अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त प्राजक्ता लवंगारे-वर्मा ने बताया कि बीएमसी संचालित चार प्रमुख अस्पतालों और 16 उपनगरीय अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के प्रमाण पत्र अब संबंधित अस्पताल परिसर में ही जारी किए जाएंगे। 'सेवा गारंटी अधिनियम' के तहत शुरू की गई इस व्यवस्था से अभिभावकों को प्रमाण पत्र के लिए वार्ड कार्यालयों में अलग से आवेदन करने और वहां जाने की जरूरत नहीं रहेगी।

उन्होंने बताया कि जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया का विकेंद्रीकरण करने के उद्देश्य से बीएमसी ने अस्पतालों के डीन और चिकित्सा अधीक्षकों को पंजीकरण संबंधी अधिकार देने का प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से भारत के रजिस्ट्रार जनरल को भेजा था। रजिस्ट्रार जनरल से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित अस्पतालों को जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण के लिए विशेष लॉग-इन आईडी आवंटित कर दी गई हैं।

नई व्यवस्था के दायरे में सरकारी सर जे.जे. अस्पताल के अलावा बीएमसी के चार प्रमुख अस्पताल—राजे एडवर्ड स्मारक अस्पताल, बी.वाई.एल. नायर अस्पताल, लोकमान्य तिलक सर्वसाधारण अस्पताल और आर.एन. कूपर अस्पताल सहित सभी 16 उपनगरीय अस्पताल शामिल हैं।

जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 और नियम 2000 के प्रावधानों के तहत इन संस्थानों के परिसर में होने वाले जन्म और मृत्यु का पंजीकरण अब संबंधित अस्पतालों के डीन और चिकित्सा अधीक्षकों के नियंत्रण में किया जाएगा।

बीएमसी प्रशासन के इस फैसले से अस्पतालों में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया का संचालन विकेंद्रीकृत होगा। साथ ही पंजीकरण व्यवस्था अधिक तेज और पारदर्शी बनेगी। विशेष रूप से नवजात शिशुओं के अभिभावकों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जन्म प्रमाण पत्र के लिए वार्ड कार्यालयों में जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और उनका कीमती समय बचेगा।

Tags: