मीरा-भाईंदर में 5.2 करोड़ रुपये का कोबरा जहर जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
काशीगांव पुलिस ने 510 मिलीग्राम कोबरा जहर के साथ गिरोह का भंडाफोड़ किया, आरोपियों में बीमा एजेंट और पेंटर शामिल हैं।
महाराष्ट्र के मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत काशीगांव पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन टीम ने कोबरा सांप के जहर की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत का कोबरा सांप का जहर और अन्य सामान सहित कुल 5,22,40,100 रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त सामान में 2,40,100 रुपये कीमत के अन्य सामान भी शामिल हैं।
काशीगांव पुलिस स्टेशन के पीआई राहुल कुमार पाटील को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग गैरकानूनी रूप से जंगली जानवरों की तस्करी के साथ जहरीले सांपों के जहर का कारोबार कर रहे हैं। पीआई ने इस जानकारी से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस कमिश्नर निकेत कौशिक, एडिशनल पुलिस कमिश्नर संजय शिंत्रे, डीसीपी राहुल चव्हाण और एसीपी गणपत पिंगले के मार्गदर्शन में पीआई राहुल कुमार पाटील के नेतृत्व में कार्रवाई की योजना बनाई गई।
पुलिस ने सुहास कांबले, अनिल शिंदे, जयप्रकाश जाधव, प्रताप पाचुंदे, किरण विखरे, नामदेव देवकाटे, प्रवीण तोबारे, दीपक कलकर्णी, अर्जन बोरसे, अभिषेक मडावी और रवींद्र सोनवणे सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें गठित कीं। टीमों ने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान पुलिस को एक पेट्रोल पंप के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति घूमते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर पुलिस ने तीनों को पकड़कर उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली। बैग में अलग-अलग कांच की बोतलें मिलीं। पूछताछ में आरोपियों ने बोतलों में रखे पदार्थ को कोबरा सांप का जहर बताया।
गिरफ्तार किए गए पहले तीन आरोपियों की पहचान फैजान अब्दुल अजीज (30), निवासी सेक्टर 14, तलोजा, नवी मुंबई, जो पेशे से बीमा एजेंट हैं; अब्दुल करीम रशीद अहमद शेख (51), निवासी एफ सेक्टर, चिता कैंप, मानखुर्द, जो पेशे से पेंटर हैं; और मोहम्मद दानिश फईम खान (23), निवासी डी सेक्टर, चिता कैंप, मानखुर्द, मुंबई के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने मोहम्मद दानिश फईम खान के काले बैग में रखी कांच की बोतल से लगभग 250 मिलीग्राम कोबरा का जहर बरामद किया, जबकि अब्दुल करीम रशीद अहमद शेख के पास मिली कांच की बोतल में लगभग 260 मिलीग्राम कोबरा का जहर मिला। बरामद जहर की कुल कीमत 5,20,00,000 रुपये आंकी गई। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई में पुलिस ने जहर और अन्य सामान सहित कुल 5,22,40,100 रुपये की संपत्ति जब्त की।
पहले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज की। इसके बाद जी सेक्टर, एल लाइन, चिता कैंप, ट्रॉम्बे, मानखुर्द निवासी फारूक अली अब्दुल अली (37) और नूर मोहम्मद वली मोहम्मद शेख (47) को जाल बिछाकर मुंबई से गिरफ्तार किया गया। इस तरह पुलिस ने कोबरा सांप के जहर की अवैध तस्करी में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बीमा एजेंट, कंप्यूटर क्लास, टेलरिंग, पेंटर और प्राइवेट जॉब से जुड़े लोग शामिल हैं। सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और वर्ष 2023 में संशोधित अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे तस्करी नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।