मुंबई के चेम्बूर पूर्व इलाके में सोमवार रात माहूल रोड पर मैसूर कॉलोनी और मोनोरेल स्टेशन के पास करीब 28 टन खतरनाक बेंजीन रसायन ले जा रहे एक टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।

जानकारी मिलते ही बीएमसी प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की गाड़ियां रात करीब 8:12 बजे मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर रिसाव वाले टैंकर के आसपास 500 मीटर का इलाका तुरंत सील कर दिया गया। इस दौरान क्षेत्र में लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।

अग्निशमन दल के जवानों ने मौके पर पहुंचते ही राहत एवं सुरक्षा अभियान शुरू किया। रिसाव वाले टैंकर में मौजूद पूरा केमिकल दूसरे खाली टैंकर में सुरक्षित तरीके से ट्रांसफर किया गया। इसके बाद दोनों टैंकरों को तत्काल बीपीसीएल रिफाइनरी के परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए प्रभावित सड़क को पानी की बौछारों से अच्छी तरह धोया गया, ताकि सड़क पर रसायन का कोई असर न रहे। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

पूरा अभियान सफलतापूर्वक समाप्त होने के बाद सड़क पर यातायात फिर से सामान्य कर दिया गया। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली और दमकल विभाग तथा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। समय रहते रिसाव पर काबू पाने और बेंजीन को सुरक्षित स्थानांतरित किए जाने से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

Tags: