मुंबई में मतदाता सूची को अपडेट करने और उसमें आवश्यक सुधार के लिए चुनाव आयोग की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत 31 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची में नाम, विवरण और पंजीकरण से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए नागरिकों को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।

यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, नाम कट गया है या विवरण में कोई गलती है, तो वह 30 सितंबर 2026 तक अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। अभियान के तहत उन युवाओं को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। इसके लिए वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।

इसके अलावा जिन नागरिकों के नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से हटा दिए गए थे, वे भी 30 सितंबर 2026 तक दोबारा पंजीकरण के लिए फॉर्म भर सकते हैं। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में छूटे नामों को शामिल करने और गलत विवरण में सुधार का अवसर दिया जाएगा।

31 अगस्त से 29 अक्टूबर 2026 के दौरान चुनाव पंजीकरण अधिकारियों के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे। इसके बाद सुनवाई की प्रक्रिया के जरिए उनकी समस्याओं का निपटारा किया जाएगा। प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण तथा आवश्यक सुधारों के बाद 4 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और इस अभियान का लाभ उठाते हुए अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं, ताकि आगामी चुनावों में वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Tags: