मुंबई के दहिसर पूर्व इलाके में स्थित एक प्रमुख चौक के नामकरण का प्रस्ताव अब अंतिम मंजूरी के करीब पहुंच गया है। प्रभाग क्रमांक 6 के शैलेंद्र नगर, ओवरीपाड़ा स्थित श्री को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के पास, वृंदावन मार्ग को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जोड़ने वाले और ओवरीपाड़ा मार्ग के चौराहे का नाम अब ‘दिवंगत प्रदीप यशवंत दरेकर चौक’ रखने की तैयारी है। इस प्रस्ताव को आगामी स्थापत्य समिति की बैठक में मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है।

दिवंगत प्रदीप दरेकर मुंबई बैंक के अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर तथा भाजपा नगरसेवक और पालिका आर-मध्य प्रभाग समिति के अध्यक्ष प्रकाश दरेकर के बड़े भाई थे। उन्होंने दहिसर और बोरिवली क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और सहकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक उल्लेखनीय कार्य किया था।

स्थानीय निवासियों की मांग थी कि दिवंगत प्रदीप दरेकर की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए चौक का नाम उनके नाम पर रखा जाए। स्थानीय नगरसेविका दीक्षा हर्षद कारकर और विधायक प्रवीण दरेकर ने बीएमसी प्रशासन को पत्र लिखकर इस नामकरण की सिफारिश की थी।

इससे पहले 18 मार्च 2026 को हुई प्रभाग समिति की बैठक में नामकरण से संबंधित प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित चौराहे या मार्ग को अभी तक कोई आधिकारिक नाम नहीं दिया गया है। इस मार्ग की देखभाल मुंबई महानगरपालिका द्वारा की जाती है।

नामकरण से जुड़े सभी नियम और शर्तें पूरी होने के बाद प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए स्थापत्य समिति के समक्ष रखा गया है। बीएमसी अधिकारियों का मानना है कि स्थापत्य समिति से प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिल सकती है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

Tags: