तस्वीर में मानिकपुर पुलिस स्टेशन के बाहर पुलिसकर्मी गिरफ्तार आरोपियों और बरामदगी के साथ नजर आ रहे हैं।

मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन 2 स्थित मानिकपुर पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने छानबीन के बाद दो शातिर चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपये कीमत के गहने बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ मुंबई, वसई विरार सहित विभिन्न क्षेत्रों में 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं।

मामला 23 अगस्त का है। शिकायतकर्ता बुजुर्ग महिला पैदल कहीं जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक पैदल चल रही महिला के नजदीक आया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी ने झपट्टा मारकर उसके गले से 5 तोले का मंगलसूत्र खींच लिया और बाइक पर बैठकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने मानिकपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पीआई हीरालाल जाधव के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच के पीएसआई चुडामन मोरे, सचिन डोरकर, अनिल चव्हाण, सागर बारवकर, मंगेश जगताप, गोविंद लवटे आदि पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनिल उर्फ चरसी उर्फ भाई दत्ताराम सकपाल को वसई पश्चिम स्थित उमेलागांव से और अंकुश सुभाष पवार को मुंबई के गोरेगांव से गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से बुजुर्ग महिला से छीना गया 5 तोले का मंगलसूत्र बरामद किया, जिसकी कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, सुनिल उर्फ चरसी उर्फ भाई दत्ताराम सकपाल शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2002 से 2026 तक बाइक चोरी, चेन स्नैचिंग, चोरी आदि के 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, अंकुश सुभाष पवार के खिलाफ बोरीवली और नाशिक पुलिस स्टेशन में 2 मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज कुल 32 आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है। मानिकपुर पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच की जांच में चेन स्नैचिंग की वारदात में इस्तेमाल तरीके, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों से बरामद संपत्ति अहम कड़ी साबित हुई।

Tags: