प्रधानमंत्री की तस्वीर हटाने के विवाद पर मुंबई में भिड़े भाजपा-मनसे कार्यकर्ता, माहिम में तनाव
पुणे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने के विवाद के बाद मुंबई के माहिम में भाजपा और मनसे कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। नारेबाजी और हंगामे के बीच पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
मुंबई के माहिम इलाके में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने के विवाद ने राजनीतिक टकराव का रूप ले लिया। पुणे के एक सरकारी कॉलेज में प्रधानाचार्य के कमरे से प्रधानमंत्री की तस्वीर हटवाने के मामले में मनसे नेता अमित ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद भाजपा और मनसे कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जोरदार नारेबाजी और हंगामे से कुछ समय के लिए माहिम में तनाव की स्थिति बन गई।
बिगड़ते माहौल को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। यह विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब अमित ठाकरे ने पुणे के सरकारी तकनीकी संस्थान का दौरा किया था। प्रधानाचार्य के कमरे में छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी हुई थी। अमित ठाकरे ने तस्वीर को वहां से हटाने के लिए कहा था।
इस घटना के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मुंबई के माहिम इलाके में प्रदर्शन का आह्वान किया था। मनसे नेता संदीप देशपांडे ने इस प्रदर्शन का कड़ा विरोध करते हुए कड़ी चेतावनी दी थी। इसके बाद मंगलवार को माहिम में दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और नारेबाजी के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णराज महादिक ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, तभी मनसे कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया और कांच की बोतलें फेंकीं। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और स्थिति को संभाला।
उधर, अमित ठाकरे के निवास स्थान ‘शिवतीर्थ’ के बाहर सुबह से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की तस्वीर लगाना कानूनी रूप से अनिवार्य है। प्रधानमंत्री की तस्वीर को लेकर पुणे से शुरू हुआ विवाद अब मुंबई तक पहुंच गया है और माहिम में भाजपा तथा मनसे कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फिलहाल स्थिति पर काबू पा लिया गया है, लेकिन यह विवाद शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।