मुंबई में कचरा फेंकने वालों पर अब सीसीटीवी की नजर, बीएमसी का बड़ा अभियान, अतिक्रमण और गड्ढों पर भी सख्त कार्रवाई

बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद बीएमसी ने मुंबई में कचरा फेंकने वालों पर सीसीटीवी निगरानी, अतिक्रमण हटाने और गड्ढों के समाधान को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया।

Update: 2026-08-01 11:23 GMT

तस्वीर में बीएमसी मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में माइक के सामने हाथ से इशारा करते हुए अपनी बात रखतीं आयुक्त अश्विनी भिडे और साथ में बैठे अन्य अधिकारी।

मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पूरे मुंबई शहर में 'दृश्यमान स्वच्छता' बढ़ाने के लिए व्यापक और प्रभावी अभियान शुरू कर दिया है। शहर के उन सभी कचरा संवेदनशील स्थलों को, जहां बार-बार कचरा फेंका जाता है, गूगल मैप पर चिन्हित किया गया है। अब इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी और खुले में कचरा फेंकने वाले लोगों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ भारी जुर्माना लगाने के साथ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



 बीएमसी मुख्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने सभी सहायक आयुक्तों और वार्ड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का प्रतिदिन निरीक्षण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुंबई के लगभग 50 प्रतिशत नागरिक पैदल यात्रा करते हैं, इसलिए स्कूलों, अस्पतालों, रेलवे, मेट्रो और बस स्टेशनों के आसपास स्थित फुटपाथों से सभी प्रकार के अवैध अतिक्रमण, अवैध फेरीवालों और गलत तरीके से बनाए गए रैंपों को तत्काल हटाया जाए।

बैठक में प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित करने वाले बॉटलनेक समाप्त करने और अवैध निर्माणों पर बिना किसी रियायत के तत्काल बुलडोजर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें।

अश्विनी भिडे ने बताया कि कांजुरमार्ग कचरा प्रसंस्करण संयंत्र में बदबू नियंत्रण को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीएमसी और संबंधित ठेकेदार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की है। इसी तर्ज पर अब पूरे मुंबई में समुद्र तटों, नालों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।

मानसून के दौरान सड़कों पर बनने वाले गड्ढों की समस्या को लेकर भी समीक्षा की गई। बीएमसी के 'मार्ग' ऐप पर दर्ज 96 प्रतिशत शिकायतों का निवारण किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि शेष शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश जारी किए गए।

आयुक्त अश्विनी भिडे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मुंबई को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाना केवल बीएमसी की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, व्यापार मंडलों, गैर-सरकारी संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा अवैध रूप से कचरा फेंकने वालों की सूचना तत्काल बीएमसी प्रशासन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

Tags:    

Similar News