मुंबई को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, बीएमसी और पर्यटन विभाग ने तय किया बड़ा रोडमैप

मुंबई को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने के लिए बीएमसी, महाराष्ट्र पर्यटन विकास और मुंबई शहर कलेक्ट्रेट ने संयुक्त रणनीति तैयार की है। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली और पर्यटकों के लिए नई पहल शहर के पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Update: 2026-07-31 13:48 GMT

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आधुनिक, सुंदर और सुलभ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। मुंबई की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बीएमसी, महाराष्ट्र पर्यटन विकास और मुंबई शहर कलेक्ट्रेट की संयुक्त बैठक बीएमसी मुख्यालय में आयोजित की गई।

बैठक में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने कहा कि शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना बीएमसी की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मुंबई में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और मुंबईकरों को गुणवत्तापूर्ण नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देना भी नगर निगम का प्रमुख दायित्व है।

अश्विनी भिडे ने बताया कि शहर के सभी दर्शनीय और ऐतिहासिक स्थलों पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, मार्गदर्शक साइनबोर्ड, आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, शुद्ध पेयजल तथा डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने महाराष्ट्र पर्यटन विकास (एमटीडीसी) को पर्यटकों के लिए एक समर्पित और प्रामाणिक वेबसाइट विकसित करने का भी सुझाव दिया, ताकि आने वाले यात्रियों को सभी आवश्यक जानकारियां एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर एमटीडीसी के महाप्रबंधक चंद्रशेखर जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और टिकाऊ पर्यटन पहलों को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुंबई में इको-टूरिज्म और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बीएमसी जैसी स्थानीय निकायों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस संयुक्त पहल से मुंबई आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुखद और यादगार अनुभव मिलेगा, जिससे शहर के पर्यटन उद्योग को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।

Tags:    

Similar News