मायके जा रही 28 वर्षीय बहू को ससुर ने दिया धक्का, सिर में चोट लगने से मौत, विरार में आरोपी गिरफ्तार
विरार के बोलिंज थाना क्षेत्र में मायके जा रही 28 वर्षीय प्राची पाटील की कथित धक्का दिए जाने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर बीएनएस के तहत जांच शुरू की।
तस्वीर में दिख रहा है कि बोलिंज पुलिस स्टेशन के गलियारे में पुलिसकर्मी चेहरे पर काला कपड़ा ढके एक आरोपी को ले जा रहे हैं।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन 03 अंतर्गत बोलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 28 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने आठ माह के बच्चे के साथ मायके जा रही थी। इसी दौरान बच्ची को लेकर हुई खींचतान के बीच ससुर द्वारा धक्का दिए जाने से महिला सिर के बल फर्श पर गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, प्राची कल्पेश पाटील (28) निवासी भगत आली, एकवीरा मंदिर, नारंगी गाँव, विरार पश्चिम अपने ससुराल में रहती थी। बताया गया है कि प्राची के ससुर किसी न किसी बात को लेकर उसे अक्सर गालियां देते थे। इस संबंध में प्राची ने अपने भाई को जानकारी दी थी। बहन पर हो रहे अत्याचार को देखते हुए उसका भाई उसे मायके ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा।
जब प्राची घर से जाने लगी तो उसके ससुर गणपत सखाराम पाटील ने आठ माह की बच्ची को उससे छीन लिया। बच्ची को लेकर दोनों पक्षों के बीच खींचतान और बहस शुरू हो गई। प्राची अपनी बच्ची को साथ लिए बिना मायके जाने को तैयार नहीं थी। इसी दौरान बहू और ससुर के बीच धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि ससुर द्वारा जोर से धक्का देने पर प्राची सिर के बल फर्श पर गिर गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद प्राची के भाई ने बोलिंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ससुर गणपत सखाराम पाटील (60) को गिरफ्तार कर लिया। बोलिंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और 351 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।