एच-पूर्व वार्ड में बीएमसी का बड़ा अतिक्रमण अभियान, 5 अवैध निर्माण ध्वस्त, 7 फेरीवालों पर कार्रवाई
एच-पूर्व वार्ड में बीएमसी ने 5 अवैध निर्माण ध्वस्त किए और 7 फेरीवालों का सामान जब्त किया। अवैध होर्डिंग्स और होटलों पर भी कार्रवाई हुई।
तस्वीर में बीएमसी अधिकारियों की टीम सांताक्रूज इलाके में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाते हुए नजर आ रही है।
मुंबई महानगरपालिका के एच-पूर्व वार्ड ने सांताक्रूज (पूर्व) इलाके में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से लगे सर्विस रोड और आगरीपाडा क्षेत्र में अवैध निर्माणों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई की। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के निर्देश और सहायक आयुक्त मृदुला अंडे के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
बीएमसी की टीम ने कार्रवाई के दौरान 5 अवैध झोपड़ियों और निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जबकि 7 अवैध फेरीवालों का सामान जब्त किया गया। जब्त किए गए लकड़ी के बेंच और तख्तों को जेसीबी की मदद से मौके पर ही तोड़ दिया गया।
यह अभियान चक्की खान जंक्शन से लेकर आगरीपाडा के बीच सर्विस रोड को पूरी तरह कब्जामुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बीएमसी ने सख्त रुख अपनाया।
इसके साथ ही बीएमसी की टीमों ने राम मंदिर रोड, खेरवाड़ी और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के आसपास लगाए गए अवैध होर्डिंग्स और बैनरों को भी हटाया।
सुरक्षा और स्वास्थ्य नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। गोलीबार रोड और डावरी नगर में अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने तीन होटलों की गहन जांच की और उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाए।
सहायक आयुक्त मृदुला अंडे ने स्पष्ट किया कि सर्विस रोड को सुरक्षित और यातायात के लिए सुचारू बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से भी अपील की कि सड़कों पर होने वाली अवैध पार्किंग पर नियंत्रण रखा जाए, ताकि वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संयुक्त अभियान के तहत अवैध निर्माण, फेरीवालों के अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स-बैनरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों पर की गई कार्रवाई से एच-पूर्व वार्ड ने सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त और यातायात को सुचारू बनाए रखने की दिशा में सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है।