तस्वीर में धानिव बाग इलाके की सड़क पर सीसीटीवी फुटेज के दौरान हमलावर और घायल नजर आ रहे हैं।

नालासोपारा पूर्व के धानिव बाग इलाके में रविवार शाम चाल बिल्डर शेरू खान और उसके बेटे आतिफ शेरू खान पर दो युवकों ने कोयता से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में आतिफ शेरू खान बुरी तरह घायल हो गया, जबकि शेरू खान को भी गंभीर चोटें आई हैं। पूरी वारदात घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, शेरू खान धानिव बाग, नालासोपारा पूर्व में रहता है और चाल बिल्डर है। रविवार की शाम करीब 4 बजे शेरू खान और उसका बेटा आतिफ शेरू खान घर पर मौजूद थे। इसी दौरान असीम और अज्जू नामक दो युवक हाथों में कोयता लेकर घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

यह देखकर शेरू खान और उसका बेटा घर से बाहर आए। दोनों बाप-बेटे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावरों ने कोयता से शेरू खान पर वार कर दिया। इसके बाद दूसरे युवक ने शेरू खान के बेटे आतिफ के पीछे भागकर उस पर भी कोयता से कई वार किए। दोनों हमलावरों ने बाप-बेटे पर जानलेवा हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए।

हमले की पूरी घटना शेरू खान के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो लोग हाथों में कोयता लेकर दोनों के पीछे भाग रहे हैं और उन पर ताबड़तोड़ वार कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पेल्हार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, घायल शेरू खान और उसके बेटे आतिफ शेरू खान को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आतिफ शेरू खान की हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हैं।

Tags: