चलती स्कूटी पर मां की गोद से गिरी एक वर्षीय बच्ची की KEM अस्पताल में मौत
वसई में चलती स्कूटी से गिरकर एक वर्षीय बच्ची कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गई। KEM अस्पताल में दो दिनों तक उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। नायगांव पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वसई से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चलती स्कूटी से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुई एक वर्षीय बच्ची कृष्णा की उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर पीछे बैठी बच्ची की मां अपने बाल ठीक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान गोद में बैठी बच्ची पर उसकी पकड़ ढीली हो गई और वह चलती स्कूटी से नीचे गिर गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को योगेश भासवार अपनी पत्नी और एक वर्षीय बेटी कृष्णा के साथ स्कूटी से कहीं जा रहे थे। योगेश की पत्नी बेटी कृष्णा को गोद में लेकर स्कूटी के पीछे बैठी हुई थी। स्कूटी चलने के दौरान हवा के कारण उसके बाल बिखर रहे थे, जिससे उसे परेशानी हो रही थी।
बालों को ठीक करने के लिए योगेश की पत्नी ने चलती स्कूटी पर ही उन्हें बांधने की कोशिश की। वह एक हाथ से अपने बाल बांध रही थी, जबकि दूसरे हाथ से गोद में बैठी बेटी कृष्णा को पकड़े हुए थी। इसी दौरान बच्ची पर उसकी पकड़ ढीली हो गई और कृष्णा हाथों से छूटकर चलती स्कूटी से नीचे गिर गई।
चलती स्कूटी से गिरने के कारण बच्ची को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बच्ची की हालत नाजुक होने पर उसे KEM अस्पताल रेफर किया गया, जहां पिछले दो दिनों से उसका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान मासूम बच्ची की मौत हो गई।
बेटी कृष्णा की मौत के बाद भासवार परिवार में मातम छा गया है। परिवार अपनी लापरवाही को लेकर खुद को कोस रहा है। मामले में नायगांव पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच-पड़ताल में जुट गई है।