विरार पश्चिम के बोळींज खेल परिसर का नाम चिमाजी अप्पा के नाम पर रखने की मांग
| भाजपा नेता मनोज पाटील ने महापौर और आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पुर्तगाली शासन से वसई को मुक्त कराने वाले योद्धा के सम्मान में महासभा में प्रस्ताव रखने का आग्रह किया।
विरार पश्चिम के बोळींज खेल परिसर का नाम चिमाजी अप्पा रखने के लिए महापौर अजीव पाटील को ज्ञापन सौंपते मनोज पाटील।
विरार पश्चिम के बोळींज स्थित वसई-विरार महानगरपालिका के खेल परिसर के नामकरण को लेकर भाजपा ने ऐतिहासिक योद्धा नरवीर चिमाजी अप्पा के नाम पर रखने की मांग उठाई है। इस संबंध में भाजपा की ओर से महानगरपालिका में विपक्ष के नेता मनोज पाटील ने महापौर अजीव जी. पाटील और महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. को लिखित ज्ञापन सौंपकर खेल परिसर का नाम 'नरवीर चिमाजी अप्पा क्रीड़ा संकुल, बोळींज' रखने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पेशवा बाजीराव के छोटे भाई नरवीर चिमाजी अप्पा ने अद्वितीय पराक्रम दिखाते हुए वसई को पुर्तगाली शासन की दमनकारी सत्ता से मुक्त कराया था। वसई के इतिहास में उनके शौर्य और योगदान का विशिष्ट स्थान है।
भाजपा का कहना है कि इस महान योद्धा की स्मृतियों को जीवित रखने और उनके पराक्रम से भावी पीढ़ियों को प्रेरणा देने के उद्देश्य से विरार पश्चिम के मौजे बोळींज में स्थित महानगरपालिका के खेल परिसर का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए। इसके लिए 'नरवीर चिमाजी अप्पा क्रीड़ा संकुल, बोळींज' नाम प्रस्तावित किया गया है।
इस अवसर पर मनोज पाटील ने कहा कि खेल परिसर का नामकरण नरवीर चिमाजी अप्पा के नाम पर करना विरार और नालासोपारा क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का उचित अवसर होगा।
भाजपा ने महापौर और महानगरपालिका आयुक्त से मांग की है कि इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए नामकरण का प्रस्ताव महानगरपालिका की महासभा के समक्ष रखा जाए और उसे मंजूरी दिलाई जाए। अब इस मांग पर महानगरपालिका प्रशासन और महासभा के निर्णय पर नजर रहेगी।