तस्वीर में अमरावती के चांदुर बाजार तहसील के सोनोरी गांव स्थित खेत में झाड़ियों के बीच युवती का शव नजर आ रहा है।

अमरावती जिले में शेर के हमले का एक और मामला सामने आया है। चांदुर बाजार तहसील के सोनोरी गांव में खेत में काम कर रही 22 वर्षीय युवती उर्मिला बाजीराव इवने पर नरभक्षी शेर ने हमला कर दिया। हमले में युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक महीने के भीतर अमरावती जिले में शेर के हमले में दो लोगों की जान जा चुकी है, जिसके चलते वन विभाग के प्रति स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोनोरी गांव में उर्मिला इवने खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान शेर ने उस पर हमला कर दिया और उसे अपना शिकार बना लिया। हमले में उर्मिला इवने की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे परिसर में डर का माहौल पैदा हो गया है। किसान खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।

इस घटना से पहले इसी परिसर में शेर द्वारा बकरी का शिकार किए जाने की घटना भी सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय के साथ वन विभाग के प्रति असंतोष भी बढ़ रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। अचलपूर मतदार संघाचे आमदार प्रवीण तायडे तथा सुरेखाताई ठाकरे भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। परिसर के नागरिक घटनास्थल पर जमा हो गए और उन्होंने वन विभाग के प्रति अपना रोष जताया।

शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक प्रशासन के साथ चर्चा जारी रही। वन विभाग प्रशासन की ओर से जल्द से जल्द शेर को जेरबंद करने का आश्वासन दिए जाने के बाद माहौल कुछ हद तक शांत हुआ।

अचलपूर मतदार संघाचे आमदार प्रवीण तायडे ने परिसर में लगातार घट रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने शेर को जल्द से जल्द जेरबंद करने की मांग भी की। एक महीने के भीतर शेर के हमले में दो लोगों की मौत के बाद सोनोरी सहित आसपास के क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर लोगों की नाराजगी सामने आई है।

Tags: