कटनी में करंट लगाकर दो जंगली सुअरों का शिकार, वन विभाग ने तीन आरोपियों को पकड़ा
| कटनी के रीठी वन परिक्षेत्र में करंट लगाकर दो जंगली सुअरों का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम बरजी के राजस्व क्षेत्र में हुई घटना के बाद वन विभाग की टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ा है।
कटनी। कटनी वन मंडल के रीठी वन परिक्षेत्र में करंट लगाकर दो जंगली सुअरों का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। वन्य प्राणियों के अवैध शिकार की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया। घटना ग्राम बरजी के राजस्व क्षेत्र की है, जहां बीट कैना पश्चिम के अंतर्गत दो जंगली सुअरों का करंट लगाकर शिकार किया गया।
वन मंडल अधिकारी गर्वित गंगवार के निर्देशन और एसडीओ कटनी (पश्चिम) के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने तत्काल एक दल गठित कर कार्रवाई के लिए भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। वन विभाग की टीम उनसे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
वन विभाग के अनुसार, वन परिक्षेत्र रीठी में वन्य प्राणियों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्य जीवों के शिकार की रोकथाम के लिए निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक सनोद कोल, वन रक्षक रोहित कोल, राजकुमार बर्मन, प्रशांत कुमार, अश्वनी शर्मा एवं अजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।