कटनी: रीठी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर घायल
गंभीर रूप से घायल युवक को रीठी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
रीठी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से घायल युवक, अस्पताल में जारी है उपचार।
कटनी-बीना रेलखंड पर रीठी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल को रीठी शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल की पहचान शिवराज लोधी पिता रतुल लोधी, निवासी भरतपुर वार्ड क्रमांक 10, भदनपुर थाना रीठी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे रीठी रेलवे स्टेशन के पास युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए रीठी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और युवक ट्रेन की चपेट में कैसे आया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।