कटनी जिले के सिमड़ारी गांव स्थित खेत में नवजात नीलगाय का शव गड़ा मिलने की सूचना के बाद जांच और खुदाई करने पहुंची वन विभाग की टीम।

कटनी जिले के रीठी वन परिक्षेत्र के ग्राम सिमड़ारी में एक किसान के खेत में नीलगाय के नवजात बच्चे का शव गड़ा हुआ मिलने से क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खेत में खुदाई कर शव को बाहर निकाला। वन विभाग ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, खेत मालिक से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

मामला रीठी वन परिक्षेत्र के ग्राम सिमड़ारी का है। यहां एक किसान के खेत में नीलगाय के नवजात बच्चे का शव गड़ा हुआ मिला। मुखबिरों के माध्यम से इसकी सूचना वन विभाग तक पहुंची, जिसके बाद विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके का निरीक्षण करने के बाद टीम ने खेत में खुदाई कर नवजात नीलगाय के शव को बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में लेकर शव परीक्षण कराया।

वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम को मौके पर भेजा गया था। मामले में खेत मालिक चंद्रभान, पिता संतोष पटेल से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग की टीम घटना से संबंधित आवश्यक जानकारियां जुटा रही है।

फिलहाल, नवजात नीलगाय की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शव को खेत में क्यों गाड़ा गया था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इन सवालों के जवाब वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल विभाग मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रहा है।

Tags: