कोरबा अक्षय गर्ग हत्याकांड: मुख्य गवाह को जान से मारने की धमकी, बयान बदलने के दबाव का मामला दर्ज

कोरबा के अक्षय गर्ग हत्याकांड में मुख्य गवाह को जान से मारने की धमकी और बयान बदलने का दबाव। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Update: 2026-07-30 08:21 GMT

तस्वीर में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित कटघोरा पुलिस थाना भवन की इमारत दिखाई दे रही है।

कोरबा में जनपद सदस्य अक्षय गर्ग चर्चित हत्याकांड मामले में एक नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। प्रकरण के मुख्य गवाहों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने और न्यायालय में बयान बदलने का दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद गवाहों में दहशत का माहौल है, जिसे लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

पसान थाना क्षेत्र के लोकाड़ा निवासी मुख्य गवाह कमलेश टीकम ने कटघोरा पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और उन्हें तथा उनके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। शिकायत के अनुसार गवाह पर अदालत में दिए जाने वाले बयानों को बदलने और आरोपियों के पक्ष में गवाही देने के लिए भारी दबाव बनाया जा रहा है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 332(1) और 351 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। घटना स्थल पसान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण कटघोरा पुलिस ने शून्य (0) पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विवेचना के लिए केस डायरी पसान थाना स्थानांतरित कर दी है। पुलिस की विशेष टीम धमकी देने वाले अज्ञात आरोपी का सुराग लगाने और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

जनपद सदस्य अक्षय गर्ग हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद समेत तीन अन्य आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। इसके बावजूद गवाहों को इस तरह खुल्लम-खुल्ला धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि गवाह को मिली इस गंभीर धमकी के बाद पुलिस प्रशासन आरोपियों के इस नेटवर्क को तोड़ने और गवाह की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

Tags:    

Similar News