मोरवा में अय्यप्पा मंदिर के पास कार में मिला 29 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मध्य प्रदेश के मोरवा में अय्यप्पा मंदिर के पास खड़ी कार में 29 वर्षीय सत्य प्रकाश गुप्ता उर्फ लड्डू का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी।

Update: 2026-07-31 07:59 GMT

तस्वीर में दिख रही काले रंग की मारुति एस-प्रेसो कार (UP64AU8969) परिसर के खुले मैदान में खड़ी है।

मध्य प्रदेश के मोरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक रहस्यमयी घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वार्ड क्रमांक-09 स्थित अय्यप्पा मंदिर के समीप खड़ी मारुति एक्सप्रेसो कार (क्रमांक यूपी 64 एयू 8969) के अंदर 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने पुलिस के साथ मिलकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सत्य प्रकाश गुप्ता उर्फ लड्डू (29 वर्ष), निवासी आदर्श गंगा, वार्ड क्रमांक-09, मोरवा के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 05 बजे स्थानीय लोगों ने अय्यप्पा मंदिर के पास काफी देर से खड़ी कार के अंदर युवक को अचेत अवस्था में देखा। लोगों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल एनसीएल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब 10:45 बजे सत्य प्रकाश से उनकी अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। उसने थोड़ी देर से घर आने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह कार में अचेत अवस्था में मिलने की सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचा। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की सहायता से कार के भीतर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया तथा वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजनों की हत्या की आशंका के बीच जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News