कटनी स्कूल में निलंबन पत्र मिलते ही शिक्षक का हाईवोल्टेज ड्रामा, महिला प्रभारी शिक्षिका से मारपीट

कटनी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलहरी में निलंबन पत्र मिलने के बाद एक शिक्षक पर महिला प्रभारी शिक्षिका से मारपीट, अभद्रता और स्कूल परिसर में हंगामा करने का आरोप लगा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि विभागीय कार्रवाई पर भी सभी की नजर है।

Update: 2026-07-31 07:12 GMT

तस्वीर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलहरी का बोर्ड नजर आ रहा है।

कटनी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलहरी में गुरुवार दोपहर एक गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई, जहां विभागीय कार्रवाई के तहत निलंबन पत्र मिलने के बाद एक शासकीय शिक्षक ने कथित रूप से महिला प्रभारी शिक्षिका के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और शिक्षकों में भारी आक्रोश फैल गया।



 जानकारी के अनुसार आरोपी शिक्षक हाल ही में कटनी में आयोजित CJP रैली में शामिल हुआ था। इस मामले में उसका वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया था। गुरुवार को विद्यालय में उसे निलंबन पत्र सौंपा गया। आरोप है कि आदेश मिलते ही वह बौखला गया और स्कूल परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी शिक्षक ने महिला प्रभारी शिक्षिका के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट की। आरोप है कि उसने शिक्षिका को धक्का देकर गिराया, थप्पड़ मारे और बाल पकड़कर दीवार से टकरा दिया। घटना के बाद शिक्षिका बुरी तरह घबरा गईं और रोते हुए बिलहरी पुलिस चौकी पहुंचीं, जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

घटना की सूचना मिलते ही बिलहरी पुलिस विद्यालय पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस के सामने भी आरोपी शिक्षक ने अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर चौकी पहुंचाया तथा मेडिकल परीक्षण सहित वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना के बाद विद्यालय के सभी शिक्षक आरोपी के खिलाफ एकजुट हो गए। शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय जैसे शैक्षणिक परिसर में इस प्रकार की हिंसक और अनुशासनहीन घटना अत्यंत गंभीर है तथा आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

विद्यालय के प्राचार्य ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी है। पुलिस का कहना है कि महिला शिक्षिका की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन दोनों को झकझोर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय और कानूनी स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

Tags:    

Similar News