तस्वीर में डिंडौरी जिले के बजाग में बिजली और मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण और रुका हुआ यातायात दिखाई दे रहा है।

डिंडौरी। जिले के बजाग मुख्यालय में बिजली और मोबाइल नेटवर्क की बदहाल व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। ग्रामीणों ने दोपहर करीब 1:30 बजे शहडोल-पंडरिया मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सड़क पर ग्रामीणों के बैठने से मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने से आम लोगों के साथ शासकीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने, ऑनलाइन काम करने और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली व्यवस्था भी लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली और मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है और सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद की।

जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों के समाधान को लेकर मौके पर डटे रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बिजली और मोबाइल नेटवर्क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक क्षेत्र के लोगों की परेशानी दूर नहीं होगी। अब प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की मांगों पर क्या ठोस कदम उठाया जाता है, यह महत्वपूर्ण होगा।