कटनी: रीठी में तेंदुए के शिकार मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार
देवरी-पटोहा तालाब के पास जंगली जानवरों के लिए बिछाए गए तार के फंदे में फंसकर हुई थी नर तेंदुए की मौत, वन विभाग की जांच जारी।
तस्वीर में वन विभाग के अधिकारी कार्यालय के बाहर दो आरोपियों के साथ खड़े हैं।
कटनी जिले के रीठी वन परिक्षेत्र में तार के फंदे में फंसकर तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
दरअसल, देवरी-पटोहा तालाब के जंगल में एक किसान के खेत के पास करीब 3 से 4 वर्ष उम्र के नर तेंदुए का शव मिला था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान आशंका जताई गई कि जंगली सूअर और हिरण के शिकार के लिए खेत के आसपास तार का फंदा बिछाया गया था। इसी फंदे में तेंदुआ फंस गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने उच्च अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने कड़ी मशक्कत और पूछताछ के बाद 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, इस शिकार की घटना में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी जांच वन विभाग द्वारा अभी जारी है।
तेंदुए की मौत के मामले में महज 24 घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई के लिए वन विभाग के उच्च अधिकारियों ने रीठी वन अधिकारी और पूरी टीम की सराहना की है।