कटनी के रीठी में अवैध बीज कारोबार का खुलासा, धान बीज बेचने वाले पर एफआईआर
कटनी के रीठी में बिना लाइसेंस धान बीज बेचने पर कृषि केंद्र संचालक पर एफआईआर, 7 क्विंटल बीज जब्त कर प्रशासन ने कार्रवाई की।
तस्वीर में कटनी जिले के सरकारी दफ्तर में मेज पर सरकारी कागजात और कंप्यूटर के पास तीन अधिकारी बैठे नजर आ रहे हैं।
कटनी जिले के रीठी क्षेत्र में अवैध बीज कारोबार के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना लाइसेंस धान बीज का भंडारण और विक्रय करने वाले कृषि केंद्र संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने ग्राम मुहास स्थित पाण्डेय कृषि केंद्र का निरीक्षण किया, जहां बिना वैध लाइसेंस के धान बीज की बिक्री की जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने कृषि केंद्र से करीब 7 क्विंटल धान बीज जब्त किया। जांच में बिना लाइसेंस बीज का भंडारण और विक्रय पाए जाने के बाद बीज निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर कृषि केंद्र संचालक प्रभात पाण्डेय के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत रीठी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी बीज विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस बीजों का भंडारण या बिक्री करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदें और खरीदारी के समय पक्की रसीद अवश्य प्राप्त करें।
प्रशासन ने कहा है कि बीज, खाद और कीटनाशकों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलेभर में कृषि आदानों की गुणवत्ता जांच के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि किसानों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।