कटनी रीठी गैंगरेप केस: ट्रेन छूटने के बाद जंगल में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कटनी के रीठी क्षेत्र में ट्रेन छूटने के बाद महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म के एक माह पुराने मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।
तस्वीर में मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी और जवान रीठी पुलिस स्टेशन के बाहर चेहरे पर काला कपड़ा बांधे खड़े आरोपी के साथ नजर आ रहे हैं।
कटनी जिले के रीठी क्षेत्र में ट्रेन छूटने के बाद जंगल में महिला यात्री के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के एक माह पुराने मामले में रीठी पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर लिया है। मामले में दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस न्यायालय से रिमांड लेकर विवेचना आगे बढ़ा रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 14.06.26 को प्रार्थिया ने थाना सफदरगंज साउथ, दिल्ली में अप.क. 0/26 धारा 70 बीएनएस के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 14.06.26 को वह अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस में सवार थी। महिला मानसिक रूप से बीमार होने के कारण लंबे समय से दिल्ली में उपचाररत थी। रात करीब 9.45 बजे मुडवारा कटनी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह पानी लेने नीचे उतरी, तभी ट्रेन छूट गई। आरोप है कि स्टेशन के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर उसे ई-रिक्शा में बैठाया और रीठी रोड पर पौसरा स्टेशन से कुछ दूर जंगल में ले गया, जहां ऑटो चालक और अज्ञात व्यक्ति ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, 15.06.26 की सुबह डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद रीठी पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला घटना स्थल के पास सड़क किनारे बैठी मिली। पूछताछ के दौरान वह कुछ भी नहीं बोल पा रही थी। पुलिस ने उसे शासकीय अस्पताल रीठी में भर्ती कराया, लेकिन वहां भी उसने घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी और असामान्य व्यवहार करती रही। पुलिस ने महिला के भाई का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसे सूचना दी। भाई के आने पर भी महिला कोई जानकारी नहीं दे सकी, जिसके बाद वह उसे अपने साथ दिल्ली लेकर चला गया।
दिल्ली में दोबारा उपचार के बाद जब महिला की मानसिक स्थिति सामान्य हुई तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी अपने भाई प्रकाश को दी। इसके बाद थाना सफदरगंज पुलिस ने प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अप.क. 0/26 दर्ज कर जिला कटनी को केस डायरी भेजी। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने केस डायरी का परीक्षण कर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक श्री रत्नेश मिश्रा तथा थाना प्रभारी रीठी मोहम्मद शाहिद को विवेचना के निर्देश दिए। इसके बाद थाना रीठी में 15.07.26 को असल नंबर अप.क. 346/26 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि घटना एक माह पुरानी होने तथा आरोपी अज्ञात होने के कारण ऑटो और आरोपियों की पहचान करना बड़ी चुनौती थी। रीठी पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए जिले के करीब 800 से 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग की। महिला द्वारा बताए गए ऑटो के संबंध में विस्तृत जांच के दौरान थाना रीठी क्षेत्र के जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उस पर निगरानी रखी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की, जिसमें उसकी संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी पूछताछ के दौरान आरोपी दिनेश चौधरी ने घटना करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो क्रमांक MP 21 ZJ 6903 जब्त कर विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर दूसरे आरोपी की तलाश और मामले की विस्तृत विवेचना करेगी।
पुलिस ने बताया कि इस चुनौतीपूर्ण प्रकरण के खुलासे में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. श्री कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री रत्नेश मिश्रा के सूक्ष्म पर्यवेक्षण और समीक्षा में कार्रवाई की गई। पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी रीठी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद, उपनिरीक्षक दिनेश चौहान, प्र.आर. राम पाठक, प्र.आर. अजय मेहरा, प्र.आर. नितेश दुबे, प्र.आर. ओमशंकर शुक्ला, आर. अमन, समशेर, आशुतोष यादव, आशुतोष सिंह, घनश्याम, ज्ञानेंद्र, पंकज, अनूप तथा साइबर सेल के आर. शुभम गौतम और आर. दीपक शर्मा की विशेष भूमिका रही। दूसरे आरोपी की तलाश और मामले की विवेचना जारी है।