कटनी के बाकल में जमीनी विवाद पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दोनों पक्षों के 10 आरोपी जेल भेजे गए
कटनी के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम खाखरा पटना में जमीनी विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी जेल भेजे गए।
कटनी जिले के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम खाखरा पटना में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए वाद-विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 लोगों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, जमीनी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका थी। सूचना मिलते ही बाकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर हालात पर काबू पाया।
शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और माननीय एसडीएम न्यायालय बहोरीबंद के समक्ष पेश किया।
सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जेल वारंट जारी कर दिए, जिसके बाद उन्हें विधिवत जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।