ब्राह्मण कल्याण परिषद के पदाधिकारी अंता में मंदिर माफी जमीन पर कब्जे के खिलाफ ज्ञापन सौंपते हुए।   

कोटा। बारां जिले के अंता क्षेत्र में भगवान मदनमोहन जी महाराज की डोली की मंदिर माफी जमीन पर कथित कब्जे के प्रयास और पुजारी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ब्राह्मण कल्याण परिषद (पुजारी प्रकोष्ठ) एवं राजस्थान पुजारी सेवक महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पुजारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठनों ने कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी है।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम बम्बोरी, अंता थाना क्षेत्र में भगवान मदनमोहन जी महाराज की डोली की मंदिर माफी जमीन स्थित है। पुजारी अखिल गोस्वामी ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व इस जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप के अनुसार, गुर्जर, रिंकू गुर्जर एवं अक्षय सिंह उर्फ चिंकी बना सहित अन्य लोग खेत में ट्रैक्टर चलाकर फसल की बुवाई करने का प्रयास कर रहे हैं। पुजारी के खेत पर पहुंचने पर उनके साथ मारपीट की जाती है और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है।

इस मामले में ब्राह्मण कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में मंदिर माफी की जमीनों पर कब्जे के प्रयास की यह दसवीं घटना सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं और प्रभावशाली लोगों की कथित मिलीभगत के चलते मंदिरों की जमीनों पर लगातार कब्जे के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से संगठनों ने पुजारी अखिल गोस्वामी को सुरक्षा उपलब्ध कराने, भगवान मदनमोहन जी महाराज की मंदिर माफी जमीन को सुरक्षित रखने और उस पर अवैध कब्जे के प्रयासों को तत्काल रोकने की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन की ओर से शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन के पदाधिकारी और सदस्य भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बीकेपी संयोजक अनिल तिवारी, ब्रजराज गौतम, धर्मेंद्र दीक्षित, राजेंद्र शर्मा, ब्रजेशकांत शर्मा, उपाध्यक्ष मनमोहन शर्मा, जिलाध्यक्ष गिरधर दाधीच, संभागीय अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, तहसील अध्यक्ष रामनारायण योगी, हिंदू शिवसेना के मनोज शर्मा, विनीत बाजपेई, शशिकांत चरोरा, देवेंद्र तिवारी, दिलीप आदित्य, विजय शर्मा, उत्तम शर्मा, जितेंद्र चतुर्वेदी, हरिओम सनाढ्य, राकेश शर्मा, अजय शर्मा, राजेश शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष रोली जैन, धीरज शर्मा, दीपेंद्र शर्मा, लव-कुश, सत्यनारायण योगी, सत्यनारायण दाधीच, अनिल शर्मा, इंद्र नारायण शर्मा, नितेश दाधीच, जगमोहन शर्मा, मुकेश शर्मा, बृज बिहारी शर्मा एवं विष्णुकांत शर्मा सहित अनेक पुजारी और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: