पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में नजर आ रहीं अग्र आरोही महिला मंच की सदस्याएं कोटा में।

कोटा में अग्र आरोही महिला मंच की ओर से राजस्थानी संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं को केंद्र में रखकर दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया गया। ‘बणी-ठणी’ थीम पर हुए इस समारोह में सदस्याएं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में शामिल हुईं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से राजस्थान की परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।

समारोह के दौरान तंबोला, नृत्य और नाटिका प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राजस्थानी पारिवारिक परिवेश पर आधारित नाटिका रही। प्रोजेक्ट डायरेक्टर निधि गोयल, रानो जैन, प्रियंका गोयल एवं ऋतु गोयल ने नाटिका के माध्यम से पूरे तंबोला गेम का संचालन किया। सदस्यों ने इस प्रस्तुति की सराहना की।

अग्र आरोही की अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल ने बताया कि नाटिका के जरिए राजस्थान की समृद्ध परंपराओं, रीति-रिवाजों, पारिवारिक संस्कारों, आपसी प्रेम और सहयोग के साथ संयुक्त परिवार की महत्ता को प्रस्तुत किया गया।

क्लब की सचिव सरिता बंसल एवं कोषाध्यक्ष मनीषा मोदी ने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी के बीच पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाज धीरे-धीरे लुप्त होते जा रहे हैं। मंच का उद्देश्य समाज में इन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संयुक्त परिवार की संस्कृति एवं संस्कारों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना है।

समारोह में फाउंडर सदस्य शिखा गुप्ता, शालू अग्रवाल, पूजा मित्तल एवं अलका अग्रवाल ने भी आकर्षक नाट्य प्रस्तुति दी। इसके अलावा नृत्य एवं नाटक प्रतियोगिताओं के माध्यम से सदस्यों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

अग्र आरोही महिला मंच का यह दिवाली मिलन समारोह राजस्थानी संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आपसी मेल-मिलाप पर केंद्रित रहा। सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लेकर आयोजन को यादगार बनाया।

Tags: