सिमलिया में कांग्रेस का हल्ला बोल: विद्युत विभाग का घेराव, स्मार्ट मीटर के विरोध में पुतला दहन
सांगोद के सिमलिया में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में विद्युत विभाग का घेराव किया और प्रधानमंत्री व स्थानीय विद्युत मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। स्मार्ट मीटर, खाद, अवैध खनन और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी।
तस्वीर में सिमलिया में विद्युत विभाग के कार्यालय के बाहर बैरिकेड्स पर चढ़कर नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता और भीड़ नजर आ रही है।
सांगोद क्षेत्र के सिमलिया कस्बे में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिमलिया के तत्वावधान में शनिवार को जनआक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया गया। युवा, किसान और आमजन के अधिकारों पर लगातार हो रहे हमलों का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग का घेराव किया तथा देश के प्रधानमंत्री और स्थानीय विद्युत मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण सराय भवन, सिमलिया में एकत्रित हुए। यहां से सरकार विरोधी नारों के साथ विशाल रैली निकाली गई, जो मुख्य बाजार से होते हुए विद्युत विभाग कार्यालय पहुंची। कार्यालय का घेराव कर कार्यकर्ताओं ने जबरन स्मार्ट मीटर लगाने, क्षेत्र में बेलगाम अवैध खनन, किसानों को खाद की कालाबाज़ारी, बिजली व्यवस्था की अव्यवस्थाओं तथा दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद देश के प्रधानमंत्री एवं स्थानीय विद्युत मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। किसानों को खाद नहीं मिल रही, बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है, जनता की जेब पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपकर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, अवैध खनन माफिया सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं और जब युवा अपने भविष्य की लड़ाई लड़ते हैं तो उन्हें लाठियों और मुकदमों से कुचलने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाने वाली सरकार को अब जनता ही जवाब देगी तथा कांग्रेस पार्टी अन्याय, भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिमलिया की अध्यक्ष गीता मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं, मजदूरों और गरीबों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट, खाद की कालाबाज़ारी और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों पर मौन बैठी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ बनकर हर गांव और हर गली में संघर्ष करेगी तथा जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध जारी रखेगी।
सभा को कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष अनिरुद्ध मीणा, महिला कांग्रेस की देहात अध्यक्ष गायत्री मीणा, ऐसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष परशुराम बेरवा, अनुषा के देहात जिला अध्यक्ष निरंजन योगी, सांगोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद, रईस खान, रमेश गुर्जर तथा समस्त इकाई अध्यक्षगण सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण मेघवाल एडवोकेट ने किया। इस दौरान रमेश चन्द नागर, रामभरोस मीणा, विष्णु मीणा, विष्णु शर्मा, नवल नागर, विनोद मेघवाल, ऐसी ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश नागर, रीपी सिंह, श्रीमति संतोष मीणा, ललिता नागर, भुवनेश तिवारी, रामकैलाश मेघवाल, शांति लाल मीणा, महेंद्र मेघवाल, राजकुमार मीणा, चंद्रप्रकाश मैहरा, महावीर मीणा, अर्पित नंदवाना, राजेंद्र रैगर, कौशल सिंह, आनंदी लाल मेरोठा, खलील भाई, नंदजी गुर्जर सहित सैकड़ों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई नहीं रोकी, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई, अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी पूरे सांगोद विधानसभा क्षेत्र में उग्र जनआंदोलन छेड़ेगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।