आरटीयू कोटा और मैनिट भोपाल के छात्र व फैकल्टी सदस्य मानसिक स्वास्थ्य सत्र के दौरान नजर आ रहे हैं.   

कोटा, 18 नवंबर। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा के प्राणवेद केंद्र की टीम ने मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएएनआईटी), भोपाल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान दोनों संस्थानों के बीच विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, नवाचार, ध्यान और समग्र व्यक्तित्व विकास से जुड़ी कार्यप्रणालियों पर संवाद हुआ। आरटीयू की टीम ने मैनिट भोपाल में मेडिटेशन और तनाव प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र भी आयोजित किए।

विश्वविद्यालय के सह जनसम्पर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि भ्रमण के दौरान आरटीयू कोटा की टीम ने मैनिट भोपाल के विभिन्न विभागों, अनुसंधान केंद्रों और छात्र कल्याण से जुड़ी सुविधाओं का अवलोकन किया। टीम ने संस्थान के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों से संवाद कर मेडिटेशन, तनाव प्रबंधन तथा रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। आरटीयू का प्राणवेद केंद्र देश के प्रमुख संस्थानों, जैसे एनआईटी और इसरो, के साथ जुड़कर विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं मानसिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल का यह शैक्षणिक भ्रमण दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान, अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। इस प्रकार के संस्थागत संवाद से विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण, तनाव प्रबंधन, नवाचार आधारित गतिविधियों और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए नई संभावनाएं विकसित होंगी।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल तकनीकी और अकादमिक दक्षता विकसित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी उनका दायित्व है। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ सहयोग एवं सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थी कल्याण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रयासरत रहेगा।

प्राणवेद केंद्र की निदेशक डॉ. लता गिदवानी ने बताया कि विश्वविद्यालय की यह पहल अब देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों तक पहुंच रही है। केंद्र विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक चिंतन, एकाग्रता तथा तनाव प्रबंधन के महत्व से परिचित कराने के साथ विज्ञान एवं तकनीक के माध्यम से मेडिटेशन के व्यावहारिक पहलुओं की समझ विकसित कर रहा है।

थॉट लैब, प्राणवेद केंद्र की ओर से वालंटियर प्रदीप गुप्ता, दिव्यांशी, सुरेंद्र, संजय, मुस्कान और एकता ने मैनिट भोपाल में मेडिटेशन एवं तनाव प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण और जागरूकता सत्र आयोजित किए। वालंटियर्स ने प्रशिक्षण गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान में अपने अनुभव साझा किए।

वालंटियर प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मैनिट भोपाल में प्रतिभागियों को आधुनिक उपकरणों के माध्यम से मानसिक गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान माइंडवेव, म्युज़, इ-सेंस, पी आइ पी स्ट्रेस ट्रैकर और माइंड फ्लेक्स जैसे अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से मस्तिष्क की गतिविधियों, ध्यान की स्थिति, एकाग्रता तथा तनाव एवं विश्राम से संबंधित संकेतों को समझने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को मेडिटेशन की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास भी करवाया गया।

मैनिट भोपाल के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्यक्रम को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। संस्थान के अधिकारियों ने थॉट लैब और आरटीयू कोटा के प्राणवेद केंद्र की गतिविधियों में रुचि दिखाई तथा अपने संस्थान में भी इसी प्रकार का मेंटल वेलनेस सेंटर विकसित करने की इच्छा व्यक्त की। मैनिट भोपाल प्रशासन ने आरटीयू की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त शैक्षणिक और छात्र कल्याण गतिविधियों को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की।

प्राणवेद केंद्र विज्ञान और आध्यात्मिकता के समन्वय के माध्यम से विद्यार्थियों के अकादमिक विकास के साथ उनके मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास को भी प्रोत्साहित कर रहा है। वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में शैक्षणिक ज्ञान के साथ मानसिक शांति, आत्मविश्वास, एकाग्रता और तनाव प्रबंधन को भी आवश्यक माना गया है। केंद्र 'साइंस मीटस् स्पीरचुएलिटी' की अवधारणा को व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत कर रहा है, जिससे विद्यार्थी आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और मेडिटेशन के अभ्यास के माध्यम से स्वयं अनुभव प्राप्त कर सकें। आरटीयू की यह पहल उच्च शिक्षण संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य और मेडिटेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

Tags: