रोटरी क्लब कोटा का दीपोत्सव 2026: रामायण के आठ प्रसंगों का सजीव मंचन
तुलसी रिसॉर्ट में आयोजित इस भव्य समारोह में 1100 से अधिक रोटेरियन और परिवारजनों ने हिस्सा लिया, जिसमें रामायण थीम पर वेशभूषा प्रतियोगिता भी हुई।
कोटा के तुलसी रिसॉर्ट में रोटरी क्लब द्वारा आयोजित दीपोत्सव में रामायण के प्रसंगों की भव्य प्रस्तुति।
कोटा में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों की महत्ता को समर्पित रोटरी क्लब कोटा का भव्य आयोजन ‘दीपोत्सव 2026 – रिश्तों की रोशनी’ उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। तुलसी रिसॉर्ट, कोटा में आयोजित इस समारोह में रामायण के आठ प्रमुख प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। रामायण के पात्रों की आकर्षक वेशभूषा प्रतियोगिता और भव्य आतिशबाजी ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में 1100 से अधिक रोटेरियन और उनके परिवारजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट दीपक सुखाड़िया रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन और जिला शिक्षा अधिकारी रामचरण मीना विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूरे परिसर को रामायण के पात्रों, भव्य झांकियों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। दीपोत्सव के उल्लास के बीच आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक और पारिवारिक सहभागिता का विशेष माहौल नजर आया।
क्लब अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची ने बताया कि दीपोत्सव आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े आदर्शों के माध्यम से प्रेम, त्याग, समर्पण, भाईचारे और पारिवारिक संबंधों की महत्ता का संदेश समाज तक पहुंचाना है। रामायण के प्रसंग जीवन में मर्यादा, संस्कार और रिश्तों को निभाने की प्रेरणा देते हैं। क्लब ने इस आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति और पारिवारिक एकता का संदेश देने का प्रयास किया।
क्लब सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि समारोह को विशेष और यादगार बनाने के लिए कोटा एवं जयपुर के प्रोफेशनल कलाकारों तथा रोटरी सदस्यों ने रामायण के आठ प्रमुख प्रसंगों का भव्य एवं सजीव मंचन किया। आकर्षक प्रस्तुतियों, भावपूर्ण अभिनय और भव्य मंच सज्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रोजेक्ट चेयरमैन दर्पण जैन ने बताया कि मंच पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इनमें सीता जन्म, पुष्प वाटिका में प्रभु श्रीराम एवं माता सीता का प्रथम मिलन, सीता स्वयंवर एवं धनुष भंग, राम बारात, सीता हरण एवं लक्ष्मण मूर्छा, लंका दहन, भरत मिलाप तथा भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और दीपोत्सव के दृश्य शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के भावनात्मक एवं प्रेरणादायक प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
कोषाध्यक्ष घनश्याम मूंदड़ा ने बताया कि समारोह में आकर्षक झांकियों, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भावपूर्ण अभिनय और भव्य आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। पूरा वातावरण उत्सवमय रहा और उपस्थित सदस्यों ने इस यादगार संध्या का आनंद लिया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण रामायण थीम पर आधारित वेशभूषा प्रतियोगिता रही। प्रोजेक्ट मेंटर अनुपम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में क्लब सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रामायण के विभिन्न पात्रों के रूप में आकर्षक वेशभूषा धारण की। सदस्यों ने भगवान श्रीराम एवं माता सीता के वनवासी और राजसी स्वरूप के साथ लक्ष्मण, रावण, हनुमान, जामवंत, जटायु, शबरी, गुरु वशिष्ठ, सुपर्णखा और त्रिजटा सहित अन्य पात्रों का प्रभावशाली रूप प्रस्तुत किया। पात्रों के अनुरूप वेशभूषा, रचनात्मकता और अभिनय ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट दीपक सुखाड़िया और विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट एडवाइजर एवं क्लब लर्निंग फेसिलिटेटर भी मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट डायरेक्टर अभिषेक-सिम्मी गोयल, पमित-नैना शर्मा, वैभव-तानी गुप्ता, अनूप-अमिता जैन (भिंडी वाला), सीए कुमार विकास-शालिनी जैन, राजेश-किरण जैन (मंगलम), मोहित-विनीता अग्रवाल, सुरेंद्र-अर्चना गहलोत, नेहा गुप्ता, आनंद-हेमलता चौधरी और रोटे. ऋतु-विकास माहेश्वरी सहित अनेक रोटेरियन ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के समापन पर भव्य आतिशबाजी की गई।
क्लब सह सचिव जयंत उपाध्याय ने सभी अतिथियों, रोटेरियन और उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त किया तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं। प्रवक्ता संजय गोयल के अनुसार, समारोह में 1100 से अधिक सदस्यों की सहभागिता रही। रामायण के मंचन, वेशभूषा प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण, पारिवारिक सहभागिता और आतिशबाजी के साथ ‘दीपोत्सव 2026 – रिश्तों की रोशनी’ की संध्या संपन्न हुई।