कोटा के गीता भवन में सम्मान समारोह के दौरान प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह के साथ खड़े आयोजक व प्रतिभागी दिख रहे हैं।

कोटा में पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक परंपराओं के समन्वय की पहल को प्रोत्साहित करने के लिए सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की ओर से रविवार को गीता भवन में इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं स्थापित करने वाले सामाजिक संगठनों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि पर्वों की भव्यता बनाए रखते हुए भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चयनित 21 संगठनों को 5,100 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, कोटा के गणेश महोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने की मांग भी उठाई गई।

समारोह में मोजी बाबा पावन धाम के महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती महाराज, कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर माता नीति अंबाजी और कबीर आश्रम के संत प्रभाकर साहिब विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर रहे, जबकि अध्यक्षता कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने की। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं की स्थापना करने वाले संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए चयनित 21 संगठनों को नकद प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार प्रदान किए।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि हम अपने पर्वों को पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना भी अत्यंत भव्यता के साथ मना सकते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य नवंबर का समय शरद ऋतु के समापन और हेमंत ऋतु के आगमन का संधिकाल होता है। यह प्रकृति में सकारात्मक बदलावों और कृषि से जुड़ी उत्सवधर्मिता का प्रतीक है। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि प्राचीन परंपराओं को आधुनिक वैज्ञानिक और पर्यावरण हितैषी जरूरतों के साथ जोड़ने से सशक्त समाज का निर्माण होता है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, उपमहापौर विवेक राजवंशी, रामगोपाल अग्रवाल, पूर्व जिला जज जयपुर एसके जैन, रामकुमार मेहता, महासंघ के संरक्षक मंडल के सदस्य तथा भाजपा ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष मुकुट नागर, एसएन गुप्ता, प्रदीप शर्मा, संजय रुंगटा, सत्यनारायण गुप्ता, दिनेश बंसल, अनिल खंडेलवाल और पीपी गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एंकर नरेश कारा ने किया।

अभियान की जानकारी देते हुए 'इको-फ्रेंडली श्री गणपति एवं नवदुर्गा क्लब' के अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि महासंघ पर्यावरण संरक्षण और सनातन परंपराओं के समन्वय के लिए लगातार काम कर रहा है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष विभिन्न जन संगठनों को 4 फीट और 6 फीट की कुल 112 इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं पूरी तरह निशुल्क वितरित की गईं। इनमें नवदुर्गा संगठनों को 56 और गणेश संगठनों को 56 प्रतिमाएं उपलब्ध कराई गईं। इस मुहिम के तहत कुल 133 संगठनों को सम्मानित किया गया।

महासंघ के संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन 'कर्मयोगी' ने बताया कि कोटा जिले में 1000 से अधिक ऐसे गणेश और दुर्गा मंडल हैं, जो 3 फीट से अधिक ऊंचाई की प्रतिमाएं स्थापित करते हैं। इन सभी मंडलों को अभियान से जोड़ने के लिए 10 सदस्यीय विशेष दल ने 10 दिनों तक विभिन्न पंडालों में पहुंचकर 600 से अधिक मंडलों से सीधा संपर्क किया। अभियान से जुड़े सभी मंडलों की प्रमाणित जानकारी के साथ एक भव्य स्मारिका का भी प्रकाशन किया गया है।

समारोह के दौरान कोटा गणेश महोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और विधायक संदीप शर्मा के समक्ष यह मांग रखते हुए कहा कि कोटा में गणेश महोत्सव का आयोजन व्यापक स्तर पर होता है, इसलिए इसे जिला महोत्सव का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर राजस्थान सरकार से भी स्थानीय गणेश और दुर्गा उत्सव मंडलों को विशेष आर्थिक संबल प्रदान करने की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्वागत अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, बसंत भरावा, हेमंत सिंह, धर्मपाल सिंह, योगेश शर्मा, अश्वत्थामा दाधीच, महावीर जैन और जितेंद्र जैन ने किया। समारोह के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक आयोजनों को पर्यावरण हितैषी स्वरूप देने वाले संगठनों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया।

Tags: