एरोबिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में महाराष्ट्र का दबदबा, जीते दो स्वर्ण
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय एरोबिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने यूथ ग्रुप और एरो डांस में बाजी मारी।
जयपुर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय एरोबिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ी और अतिथि।
कोटा/जयपुर। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर हॉल में आयोजित राष्ट्रीय ऑल एज ग्रुप एरोबिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप 2026-27 में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रविवार को आयोजित यूथ ग्रुप और यूथ एरो डांस स्पर्धाओं में महाराष्ट्र की टीमों ने शीर्ष स्थान हासिल कर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया।
राजस्थान राज्य जिम्नास्टिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, शारीरिक संतुलन और फिटनेस का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान महाराष्ट्र के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा। खिलाड़ियों ने सटीक तालमेल और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दर्शकों और निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।
यूथ ग्रुप फाइनल में महाराष्ट्र के सवराज, सूर्या, प्रणित, आयुष और प्रसाद बिराजदार की टीम ने 14.400 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में कर्नाटक की टीम 14.150 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि गुजरात की टीम ने 13.650 अंक प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इसी तरह यूथ एरो डांस फाइनल में महाराष्ट्र की वर्णीका, मिहिका, वसुधा, इंद्रजा, देवहुति, माहिरा, स्वरा और अगरता की टीम ने 14.450 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पश्चिम बंगाल की टीम 13.550 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही और रजत पदक जीता। वहीं, उत्तर प्रदेश की टीम ने 12.900 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों स्पर्धाओं में सात-सात टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर राजस्थान राज्य जिम्नास्टिक्स संघ के अध्यक्ष चैन सिंह राठौड़ ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतरीन मंच मिलता है और खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार होता है।
चैंपियनशिप के कन्वीनर अनुराग आर्य ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी, कोच और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों की भागीदारी और महाराष्ट्र की दो स्वर्ण पदक जीत प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम रहे।