कोटा में आयोजित निशुल्क नेत्र जांच शिविर के दौरान मौजूद सदस्य नजर आ रहे हैं।

कोटा में जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिगंबर जैन सोशल ग्रुप वर्धमान कोटा की ओर से निशुल्क विशाल नेत्र जांच एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया गया। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डीसीएम में आयोजित शिविर में 130 लोगों की नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान 25 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई, जिन्हें लेंस प्रत्यारोपण के लिए भारत विकास हॉस्पिटल भेजा गया।

इन सभी 25 मरीजों का लेंस प्रत्यारोपण प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा जैन द्वारा निशुल्क किया जाएगा। शिविर के माध्यम से मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई।

कार्यक्रम के पुण्यार्जक श्रीमान अशोक जी पहाड़िया रहे। उन्होंने इस सेवा कार्य में विशेष सहयोग और उदार योगदान दिया। आयोजन में रीजन अध्यक्ष श्रीमान अनिल जी ठोरा साहब की गरिमामयी उपस्थिति रही।

ग्रुप अध्यक्ष सीमा अरविंद बागड़िया ने पुण्यार्जक अशोक जी पहाड़िया का इस पुनीत सेवा कार्य में अतुलनीय सहयोग देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं, सचिव श्वेता नवीन सेठिया ने शिविर की सफलता में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगकर्ताओं और ग्रुप सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

शिविर के आयोजन में भारत विकास परिषद के पी.के. शर्मा जी और कार्यक्रम संयोजक श्रीमती इंदिरा जंबू ठाई का भी विशेष सहयोग एवं योगदान रहा। ग्रुप की ओर से दोनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर ग्रुप अध्यक्ष सीमा अरविंद बागड़िया ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समाज में सेवा एवं मानवता की भावना को बढ़ावा देना ही ग्रुप का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह शिविर इसी सेवा भावना का एक सार्थक प्रयास रहा।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप वर्धमान कोटा ने शिविर की सफलता में सहयोग देने वाले सभी सहयोगकर्ताओं और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह के सेवा एवं जनकल्याण के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Tags: