कोटा में 22 नवंबर को जुटेगा अग्रवाल समाज का महाकुंभ, 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना
नयापुरा स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन में 10 हजार लोगों के जुटने की संभावना है, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे और 25 समितियां व्यवस्था संभालेंगी।
कोटा के नयापुरा स्टेडियम में होने वाले अग्रवाल समाज के अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों में जुटे पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
कोटा में अग्रवाल समाज के विराट अग्र महाकुंभ अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। आगामी 22 नवंबर को नयापुरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का पहला निमंत्रण रविवार को भगवान श्री खड़े गणेश जी के श्रीचरणों में अर्पित कर आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन और समस्त अग्रवाल समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि भगवान श्री खड़े गणेश जी को पूर्ण श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ प्रथम निमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर कोटा नगर निगम के पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, समाजसेवी नवल किशोर, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल चुनावाले तथा सम्मेलन के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने सामूहिक रूप से गणेश जी के दर्शन किए। सभी ने पूजा-अर्चना एवं वंदन कर महोत्सव की निर्विघ्न सफलता की मंगलकामना की।
मुख्य संयोजक नवल अग्रवाल एवं राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 25 समितियों का गठन किया गया है। इनमें भोजन समिति, मंच संचालन समिति और अतिथि सत्कार समिति सहित अन्य समितियां शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान भामाशाहों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
विजय गुप्ता ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव में करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस विराट अग्र महाकुंभ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। कोटा नगर निगम की महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी और पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
युवा अध्यक्ष अजय गोयल, महामंत्री धर्मेंद्र मित्तल एवं रितेश अग्रवाल ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव में भगवान गिर्राजधरण की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। इसके साथ ही छप्पन भोग की झांकी, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि अग्रवाल समाज के प्रत्येक घर तक कार्यक्रम के कूपन पहुंचाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से समाज के एक-एक सदस्य को आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि महोत्सव में पारिवारिक माहौल बनाया जा सके।
इस अवसर पर अनिल छामुनीया, अरविंद गोयल, धर्मेंद्र मित्तल, उपेंद्र जैन, मनीष अग्रवाल, नवीन मित्तल, भास्कर गोयल, वीरेंद्र अग्रवाल, विनोद, देवांश अग्रवाल, सोनिया मित्तल और ममता गोयल उपस्थित थे। 22 नवंबर को होने वाला यह आयोजन अग्रवाल समाज के सामूहिक सहभागिता वाले विराट अन्नकूट महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा।