कोटा में मां वैष्णो देवी मंदिर का अन्नकूट महोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु, जय श्रीराम से गूंजा पांडाल
महावीर नगर तृतीय स्थित मंदिर प्रांगण में राधा-कृष्ण महारास, श्रीराम दरबार और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों के बीच स्थानीय जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु शामिल हुए।
नेता का स्वागत करते हुए लोग दिख रहे हैं।
कोटा में भक्ति गीतों की गूंज, भगवान श्रीराम के दिव्य दरबार और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच मां वैष्णो देवी मंदिर का अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। महावीर नगर तृतीय के सेक्टर-5 स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित इस समारोह में धार्मिक प्रस्तुतियों और भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अनुभव गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपमहापौर विवेक राजवंशी, स्थानीय पार्षद सुनील गौतम, गोपालराम मण्डा, शोभा आहलूवालिया, दीपिका शर्मा, शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम तथा शिव ज्योति स्कूल के निदेशक महेश गुप्ता उपस्थित रहे।
समारोह में राधा-कृष्ण के महारास, भगवान श्रीराम के दिव्य दर्शन और बाहुबली हनुमानजी की नृत्य नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मणजी के दिव्य दरबार में हनुमानजी की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। भगवान के आगमन के साथ ही पूरा पांडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
इस दौरान भक्ति गीत 'अयोध्या के राजा, भारत है आपका, महलों में आओ, स्वागत है आपका' की प्रस्तुति ने मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना दिया। वहीं, 'कीजो केसरी के लाल, मेरा छोटा सा ये काम, मेरी रामजी से कह देना जय सियाराम' भजन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों में महिलाओं और पुरुषों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।
मां वैष्णो देवी मंदिर समिति की ओर से आयोजित अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह में धार्मिक प्रस्तुतियों, भजनों और भगवान के दिव्य दरबार के बीच मंदिर परिसर देर तक भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।