दूनी नगरपालिका की पहली साधारण सभा में उठे 20 प्रस्ताव, आय-व्यय का ब्यौरा नहीं होने पर पार्षदों ने जताई आपत्ति
टोंक की दूनी नगरपालिका की पहली साधारण सभा में कांग्रेस पार्षदों ने शहर के विकास से जुड़े 20 प्रस्ताव सौंपे। आय-व्यय का ब्यौरा एजेंडे में शामिल नहीं होने और अध्यक्ष के पदभार ग्रहण में सभी पार्षदों को नहीं बुलाने पर भी आपत्ति जताई।
टोंक जिले की दूनी नगरपालिका की पहली साधारण सभा में नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना कटारिया और अधिशासी अधिकारी की मौजूदगी में बैठक करते पार्षद।
टोंक। दूनी नगरपालिका मंडल के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली साधारण सभा में शहर के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे उठे। नगरपालिका अध्यक्ष अर्चना कटारिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने 20 प्रस्ताव अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। वहीं, बैठक के एजेंडे में आय-व्यय का ब्यौरा शामिल नहीं होने और अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह में सभी पार्षदों को आमंत्रित नहीं करने पर आपत्ति जताई।
कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि साधारण सभा के एजेंडे में आय-व्यय का विवरण शामिल नहीं किया गया, जो पारदर्शिता के सिद्धांत के प्रतिकूल है। उन्होंने नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष के पदभार ग्रहण के दौरान सभी पार्षदों को नहीं बुलाए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
पार्षदों ने आबादी विस्तार क्षेत्र में बने मकानों के पट्टे जारी करने, आवास और शौचालय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा शहर के प्रत्येक वार्ड में प्रतिदिन पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने शहरी क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार बीसलपुर के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रस्ताव भी दिया। दीपावली से पहले शहर में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और चौराहों पर हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग की गई।
शहर में सड़क और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए सीसी रोड और ग्रेवल सड़कों का निर्माण कराने तथा बड़े नालों और नालियों का निर्माण कराने के प्रस्ताव रखे गए। सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर की नियुक्ति, ग्रीन पार्क विकसित करने और शहर के सौंदर्यीकरण की मांग भी उठाई गई। पार्षदों ने मुख्य बाजार की तर्ज पर गलियों में नियमित सफाई कराने तथा नए कचरा टेम्पो खरीदने और पात्र रखवाने की मांग की।
अन्य प्रस्तावों में चारागाह भूमि की चारदीवारी करवाना, श्मशान और कब्रिस्तान तक सड़क बनवाना तथा टोडा का रास्ता पर मृत जानवरों को आबादी से दूर डालने की व्यवस्था करना शामिल रहा। कन्या महाविद्यालय के पास कचरा डालने की प्रक्रिया बंद करने और डम्पिंग यार्ड को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग भी रखी गई।
कांग्रेस पार्षदों ने टेंडर प्रक्रिया में सभी पार्षदों की सहमति लेने और अखबार में प्रकाशन के बाद ही टेंडर जारी करने का प्रस्ताव दिया। वार्डों में सड़क क्रॉसिंग पर बनी नालियों पर सुरक्षा जालियां लगाने तथा घटिया सड़क निर्माण की गुणवत्ता का पार्षदों की समिति से भौतिक सत्यापन कराने के बाद ही भुगतान करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा शहर के विकास से जुड़े अन्य प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए।
बैठक में अधिशासी अधिकारी अमर चंद गुंजल, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश जाट, वरिष्ठ पार्षद पूरणवीर सिंह रोझ, श्रीमती लक्ष्मी नरेन्द्र मेहरा, नरेन्द्र जांगिड़, श्रीमती कृष्णा बनवारी बडगुजर, मनभर देवी वर्मा, अर्चना बडगूजर, श्रीमती राजेश हंसराज तिवाड़ी, पप्पू कर्मावत, कल्याण सोनी, प्रेम देवी जैन, पिकी वर्मा, रामू देवी, श्याम प्रकाश राजोरा, विष्णु तिवाड़ी, आशीष शर्मा, शिवराज बराला और राकेश भील मौजूद रहे। कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार बैरवा, महावीर जांगिड़ सहित अन्य कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित थे। बैठक में रखे गए प्रस्तावों में पेयजल, सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।