तस्वीर में भाजपा नेता छगन माहूर केसरी साफा और नीला नेहरू जैकेट पहने मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं।   

भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश नेतृत्व ने आगामी पंचायती राज चुनाव-2026 के लिए संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तय करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ संगठनकर्ता छगन माहूर को भरतपुर संभाग के चुनावी प्रबंधन और संपूर्ण संचालन का दायित्व सौंपा है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के गृह क्षेत्र एवं गृह संभाग भरतपुर की चुनावी जिम्मेदारी मिलने के बाद माहूर जल्द ही संभाग के जिलों का दौरा शुरू करेंगे।

मुख्यमंत्री का गृह संभाग होने के कारण भरतपुर पर संपूर्ण राजस्थान की नजरें टिकी हैं। इसी राजनीतिक महत्ता को देखते हुए प्रदेश संगठन ने संघ पृष्ठभूमि से जुड़े तथा एबीवीपी (ABVP) और युवा मोर्चा में लंबे संगठनात्मक अनुभव रखने वाले भाजपा नेता छगन माहूर पर भरोसा जताया है।

माहूर ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में बूथ और पंचायत स्तर पर एक अभेद्य रणनीति तैयार की जाएगी। भाजपा इस संभाग के सभी जिला परिषदों और पंचायत समितियों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि जिम्मेदारी मिलने के तुरंत बाद वे भरतपुर संभाग के भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, डीग और गंगापुर सिटी का दौरा शुरू करेंगे। इस दौरान टिकट वितरण के लिए स्क्रीनिंग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों से फीडबैक और ब्लॉक स्तर पर चुनावी बैठकों में शामिल होंगे।

छगन माहूर ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर एवं भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। माहूर को मिले इस महत्वपूर्ण दायित्व पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और हाड़ौती सहित संपूर्ण प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।

Tags: