जयपुर में राष्ट्रीय इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस 6 अक्टूबर को होगी
1.5 करोड़ प्रोफेशनल्स के हितों के लिए राजस्थान के राज्यपाल उद्घाटन करेंगे और बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज शामिल होंगी।
जयपुर में 6 अक्टूबर 2026 को जेईसीसी, सीतापुरा में देश का पहला राष्ट्रीय स्तर का इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस आयोजित किया जाएगा। हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया एवं केटी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस सम्मेलन में कोटा समेत देशभर से 5,000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन में हेयर, ब्यूटी, मेकअप, नेल्स, वेलनेस एवं कॉस्मेटिक उद्योग से जुड़ी प्रमुख समस्याओं, मांगों और सुझावों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
कोटा, 2 अक्टूबर। सम्मेलन का उद्घाटन राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामअवतार सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, नेशनल कमीशन फॉर वूमेन, भारत सरकार शामिल होंगे। वे केंद्र सरकार द्वारा हेयर एंड ब्यूटी उद्योग के लिए संचालित योजनाओं एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी देंगे।
हेयर एंड ब्यूटी उद्योग से जुड़े करीब 1 करोड़ 50 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस सम्मेलन में उद्योग के विकास और प्रोफेशनल्स के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सरकार के समक्ष रखे जाएंगे। फेडरेशन की ओर से राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर केश कला बोर्ड के गठन की मांग रखी जाएगी। बोर्ड में हेयर इंडस्ट्री के अनुभवी विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा महत्वपूर्ण पदों पर योग्य एवं अनुभवी हेयर ड्रेसिंग प्रोफेशनल्स को अवसर देने का सुझाव भी दिया जाएगा।
हेयर, स्किन, मेकअप, नेल्स एवं वेलनेस क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण योजनाएं शुरू करने की मांग की जाएगी, ताकि युवाओं को आधुनिक एवं उच्च स्तरीय कौशल उपलब्ध कराया जा सके और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके। फेडरेशन नकली, अवैध एवं हानिकारक कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त व्यवस्था की मांग भी करेगा।
इसके साथ ही हेयर ड्रेसिंग एवं मेकअप को कला के रूप में मान्यता देने तथा योग्य एवं प्रतिभाशाली कलाकारों को राष्ट्रीय सम्मान और पद्म श्री नामांकन की प्रक्रिया में अवसर देने का सुझाव रखा जाएगा। हेयर, ब्यूटी, नेल्स, वेलनेस एवं कॉस्मेटिक उद्योग से जुड़े प्रोफेशनल्स के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजना बनाने पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल, महासचिव निर्मल रंधावा एवं केटी के डायरेक्टर ध्रुव सयानी ने बताया कि सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हेयर एक्सपर्ट एवं ब्रिटिश हेयर ड्रेसिंग अवॉर्ड विजेता डेसमंड मरे द्वारा लेडीज एवं जेंट्स हेयर कटिंग तथा हेयर स्टाइलिंग की आधुनिक तकनीकों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा।
सम्मेलन के समापन समारोह में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर 250 लोगों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक विजेता को 10,000 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल ने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से देश के हेयर एंड ब्यूटी उद्योग को संगठित एवं मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग की प्राथमिकताओं में नकली एवं डुप्लीकेट कॉस्मेटिक उत्पादों के खिलाफ जागरूकता, सैलून में हाइजीन एवं सेफ्टी की शिक्षा, सभी सैलून में सीसीटीवी की व्यवस्था, कर्मचारियों एवं आर्टिस्ट के लिए साप्ताहिक अवकाश, राष्ट्रीय स्तर पर बुनियादी एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण अभियान तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शामिल हैं।
फेडरेशन की ओर से कैंसर पीड़ित महिलाओं के लिए सामाजिक सेवा अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत लोगों को 12 इंच बाल दान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद महिलाओं की सहायता की जा सके।
फेडरेशन की सह सचिव नीता पारेख ने कहा कि इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस जयपुर उद्योग की एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए हेयर, ब्यूटी, मेकअप, नेल्स, वेलनेस एवं कॉस्मेटिक उद्योग को जागरूक, शिक्षित और संगठित करने के लिए निरंतर कार्य करेगा। सम्मेलन में रखी जाने वाली मांगों और सुझावों के जरिए उद्योग से जुड़े प्रोफेशनल्स के हितों तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।