महेश चंद्र अजमेरा फिर बने पूर्वी राजस्थान माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष, निर्विरोध चुनाव संपन्न
पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के वर्ष 2026-29 के लिए निर्विरोध चुनाव में महेश चंद्र अजमेरा पुन: अध्यक्ष निर्वाचित हुए। राजेश कृष्ण बिरला की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
तस्वीर में कोटा के माहेश्वरी भवन में पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्य और पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
कोटा। पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के वर्ष 2026-29 के लिए नई कार्यकारिणी का निर्वाचन रविवार को माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, कोटा में सर्वसम्मति एवं निर्विरोध संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में आयोजित की गई।
केंद्रीय पर्यवेक्षक सुरेश कचौलिया एवं सत्येन्द्र बिड़ला के निर्देशन में निर्वाचन अधिकारी नन्दकिशोर काल्या तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी कृष्णगोपाल (के.जी.) जाखेटिया ने संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का सफल संचालन किया।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार महेश चंद्र अजमेरा को पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के पुन: अध्यक्ष पद पर निर्वाचित किया गया। किशनलाल काबरा वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए, जबकि महावीर तोतला, घनश्याम लाल सोनी, कुंज बिहारी माहेश्वरी, कृष्ण कुमार गगरानी एवं राम न्याति उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
नई कार्यकारिणी में आनंद स्वरूप राठी को प्रदेश मंत्री, प्रमोद कासट को अर्थ मंत्री, घनश्याम नकलक को संगठन मंत्री तथा महेश कुमार फलोड़ को संयुक्त मंत्री चुना गया। वहीं सुरेश लाठी, एस.एल. मित्तल, एम.एल. राठी, रमेश काबरा, महेश प्रकाश झंवर एवं अजय झंवर को विचित्र मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
इसके अलावा महेश प्रकाश डांगर एवं अजय डांगर सह मंत्री, पंकज मंत्री प्रचार मंत्री तथा राजेश मर्चुनिया कार्यालय मंत्री निर्वाचित घोषित किए गए।
निर्विरोध निर्वाचन के बाद अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा समाज की एकता, संगठन एवं सेवा की गौरवशाली परंपरा को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी समाज के सर्वांगीण विकास, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, शिक्षा, सामाजिक सरोकारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने सर्वसम्मति से संपन्न हुए निर्वाचन को समाज की लोकतांत्रिक परंपरा, आपसी विश्वास और संगठनात्मक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश चंद्र अजमेरा ने कहा कि वे पश्चिमांचल के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि आगामी तीन वर्षों में समाज की सेवा गतिविधियों का व्यापक विस्तार किया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण, जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, ब्याजमुक्त ऋण, सामाजिक सहायता एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के अधिकाधिक समाजबंधुओं तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जाएगा।
महेश चंद्र अजमेरा ने कहा कि नई कार्यकारिणी संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ेगी।
निर्वाचन के अवसर पर माहेश्वरी समाज के मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, नन्दकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शारदा, सुरेश काबरा, घनश्याम राठी, के.जी. जाखेटिया, प्रमोद कुमार भंडारी, ओमप्रकाश गट्टानी, रामचरण धूत, अविनाश अजमेरा, पूर्व राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष आशा माहेश्वरी, मंडल अध्यक्ष सरिता मोहता, सिद्धेश्वर झंवर सहित कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के पदाधिकारी, महिला मंडलों, युवा संगठनों एवं सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आनंद स्वरूप राठी प्रदेश मंत्री ने धन्यवाद ज्ञापित किया। निर्विरोध चुनाव के साथ पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा की नई कार्यकारिणी ने वर्ष 2026-29 के लिए संगठन की जिम्मेदारी संभाल ली।