धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस नेता मनोज दुबे का बड़ा बयान, युवाओं की जीत बताई

कोटा से 25 जुलाई की खबर, जहाँ कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े को छात्रों और युवाओं की बड़ी जीत बताया। जानिए नीट पेपर लीक और देशव्यापी आंदोलन से जुड़े सभी बड़े खुलासे।

Update: 2026-07-25 12:49 GMT

तस्वीर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे नजर आ रहे हैं।

कोटा 25 जुलाई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं की बड़ी जीत बताते हुए कहा है कि छात्र व युवाशक्ति के संघर्ष के आगे आख़िरकार धर्मेंद्र प्रधान को झुकना पड़ा और इस्तीफ़ा देना पड़ा, क्योंकि छात्रों एवं युवाओं के देशव्यापी आंदोलन ने एक अयोग्य और भ्रष्ट शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने पर मजबूर कर दिया।

मनोज दुबे ने आगे कहा कि यह जीत उन करोड़ों युवाओं की है, जिन्होंने देशभर में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवाज बुलंद की और छात्रों व युवाओं के आंदोलन के सामने केंद्र की भाजपा सरकार का घमंड टूट तथा उनके झूठ की हार हुई।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान में यदि थोड़ी सी भी नैतिकता होती, तो वे आंदोलन के आरंभ में ही इस्तीफा दे देते, जिससे जंतर-मंतर से लेकर संसद भवन तक सैकड़ों छात्र और युवा निर्मम लाठी प्रहार से घायल नहीं होते और पुलिस की बर्बरता का शिकार होने से बच जाते। नीट से जुड़े प्रकरण की जांच जब केंद्रीय एजेंसी को सौंपी गई, तभी उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए था, ताकि जांच की निष्पक्षता पर कोई प्रश्नचिह्न नहीं लगता और हमने शुरू से ही शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की पुरजोर मांग की थी।

मनोज दुबे ने कहा कि नीट पेपर लीक होने के पहले दिन से ही नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक युवाओं को न्याय दिलाने के लिए लड़ रहे हैं और यह लड़ाई आगे भी तब तक जारी रहेगी जब तक शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हो जाता। केंद्र की भाजपा सरकार की संवेदनहीनता ने नीट के 21 मासूम स्टूडेंट्स की जान ले ली, जबकि आंदोलनकारी छात्रों को घसीटा गया, उन्हें लाठियों से पीटा गया तथा उन पर पैलेट गन और शॉक बैटन का इस्तेमाल किया गया। छात्रों एवं युवाओं के प्रोटेस्ट के दौरान दिल्ली पुलिस ने महिलाओं के साथ भी अभ्रदता की सारी हदें पार की, जिसे देश का छात्र और युवा कभी नहीं भूलेंगे।

Tags:    

Similar News